Publish Date: Sun, 31 May 2020 (19:30 IST)
Updated Date: Sun, 31 May 2020 (19:37 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश में करोना महामारी के चलते परिवहन विभाग की रोडवेज बसों के संचालन पर लगी रोक अब खत्म होने जा रही है। जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश परिवहन निगम 1 जून सुबह 8 बजे से प्रदेश के अंदर समस्त प्रकार के अंतर्जनपदीय बस सेवाएं को पुनः प्रारंभ करने जा रही है।
इसके लिए परिवहन विभाग ने गाइडलाइन भी जारी कर दी है। आज उत्तरप्रदेश परिवहन विभाग के एमडी राजशेखर ने ट्विटर के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा है कि परिवहन निगम 1 जून से सुबह 8 बजे से प्रदेश के अंदर समस्त प्रकार के अंतर्जनपदीय बस सेवाएं पुनः प्रारंभ करेगा।
परिवहन निगम अपने समस्त 'सम्मानित यात्रियों' का हार्दिक स्वागत करता है। परिवहन निगम अपने सभी यात्रियों का 'सुगम और सुरक्षित यात्रा' के लिए कटिबद्ध है- - Team UPSRTC। लंबे समय से बंद पड़ी परिवहन सेवा के चलते हो रही लोगों की समस्याओं का भी निदान होने जा रहा है।
परिवहन विभाग की ओर से गाइडलाइन जारी की गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परिवहन विभाग की तरफ से यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बसों में यात्रियों की संख्या कम कर दी गई है और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ-साथ और यात्री को यात्रा के दौरान मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।
गौरतलब है कि करोना महामारी के चलते प्रदेश में 22 मार्च जनता कर्फ्यू के बाद से ही परिवहन विभाग की तरफ से बसों के संचालन को रोक दिया गया था।