Publish Date: Sat, 10 Jul 2021 (17:34 IST)
Updated Date: Sat, 10 Jul 2021 (17:36 IST)
तमिलनाडु में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है। राज्य सरकार ऐतिहातन तौर पर अभी लॉकडाउन से पूरी तरह छूट देना नहीं चाहती है। मुख्यमंत्री एमके स्टॉलिन ने प्रदेश में लॉकडाउन 19 जुलाई तक बढ़ाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री और आला अधिकारियों की बैठक के बाद सरकार ने इसका ऐलान किया है।
नए आदेश में हालांकि लोगों को कुछ अतिरिक्त राहत दी गई है, लेकिन अंतरराज्यीय बस परिवहन, सिनेमा हॉल, बार/पब, स्विमिंग पूल, सार्वजनिक सांस्कृतिक और राजनीतिक कार्यक्रम, शिक्षण संस्थान, जू और अन्य क्षेत्रों में प्रतिबंध जारी रहेगा।
सरकारी अधिसूचना में दी गई जानकारी के मुताबिक रात 9 बजे तक दुकानें और व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति होगी। पहले के आदेश में ये अनुमति रात 8 बजे तक थी। इसी तरह होटल, चाय की दुकान, बेकरी, सड़क किनारे की दुकानें आदि 50 प्रतिशत क्षमता के साथ रात 9 बजे तक खुल सकती है। इसके अतिरिक्त पुडुचेरी के लिए बस सेवाएं भी अब अपना परिचालन फिर से शुरू कर सकती हैं।