Publish Date: Mon, 28 Sep 2020 (07:12 IST)
Updated Date: Mon, 28 Sep 2020 (07:25 IST)
नई दिल्ली। कोरोनावायरस महामारी के कारण देश में लगाए गए लॉकडाउन के बाद अब देश में अनलॉक की प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। अनलॉक 4 की समय-सीमा 30 सितंबर को समाप्त हो रही है।
1 अक्टूबर 2020 सेे अनलॉक 5 की नई गाइडलाइंस का पालन होगा। Unlock 5.0 की नई गाइडलाइंस की घोषणा आज हो सकती है। कंटेनमेंट के बाहर और गतिविधियों में छूट दी जा सकती है। अनलॉक 5 की नई गाइडलाइंस में कई तरह की छूट मिलने की संभावना है।
अक्टूबर महीने में दुर्गापूजा, दिवाली, छठ जैसे कई बड़े त्योहार है, ऐसे में उम्मीद है कि सरकार त्योहारी सीजन को देखते हुए Unlock 5.0 में कई छूट दे सकती है। पिछले महीने गृह मंत्रालय ने कुछ और छूटें देने की बात कही थी और धीरे-धीरे कंटेनमेंट जोन के बाहर और गतिविधियों के लिए छूट दी थी। अब उद्योग आने वाले त्योहार के दिनों में ग्राहकों की ओर से मांग में बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं। इसे देखते हुए और छूटें दी जा सकती हैं।
पर्यटन क्षेत्र को मिल सकती है और छूटें : महामारी और उसके बाद के लॉकडाउन से पर्यटन क्षेत्र पर बुरी तरह से मार पड़ी है। ऐसे में अनलॉक 5 की प्रक्रिया के दौरान और भी पर्यटन स्थलों और टूरिस्ट सेंटर्स को पर्यटकों के लिए खोला जा सकता है। अब भी सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल, इंटरटेनमेंट पार्क नहीं खुले हैं। ऐसे में क्या अनलॉक 5.0 में इन्हें खोलने की अनुमति मिलेगी या नहीं।
पश्चिम बंगाल में सिनेमा हॉल को छूट : पश्चिम बंगाल ने तो पहले से 1 अक्टूबर से सीमित संख्या में लोगों के प्रवेश के साथ सिनेमा हॉल खोले जाने के लिए अनुमति दे दी है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सामान्य समय की ओर लौटने के लिए जात्रा, नाटक, ओपन एयर थियेटर, सिनेमा और सभी म्यूजिकल, डांस, गायकी और जादू के शो की 50 लोगों या उनसे कम के साथ 1 अक्टूबर से खोले जाने की छूट दी जा रही है। हालांकि इस दौरान सामाजिक दूरी के नियम, मास्क पहनना और बचाव के आवश्यक उपायों का पालन करना होगा।