Publish Date: Sun, 02 Aug 2020 (19:09 IST)
Updated Date: Sun, 02 Aug 2020 (20:49 IST)
लखनऊ। प्रदेश में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। अब राजनेता भी जानलेवा वायरस की चपेट में आ रहे हैं। भाजपा की उत्तरप्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। सिंह ने यह जानकारी रविवार को खुद ट्वीट करके दी। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री महेंद्रसिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें पीजीआई अस्पताल लखनऊ में भर्ती किया गया है।
स्वतंत्र देव सिंह कहा कि मुझे कोरोना के शुरुआती लक्षण दिख रहे थे जिसके चलते मैंने अपनी कोविड-19 की जांच कराई। जांच में मेरी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मुझसे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से मेरा निवेदन है कि वे गाइडलाइन के अनुसार स्वयं को क्वारंटाइन कर लें और आवश्यकता अनुसार अपनी जांच करा ले।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि डॉक्टर की सलाह पर मैं वर्तमान में अपने आवास पर होम क्वारंटाइन हूं। मेरा सभी प्रदेशवासियों से निवेदन है कि पूरी सावधानी बरतें और सरकार की गाइडलाइन का सख़्ती से पालन करे।
गौरतलब है कि आज ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उत्तरप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कमलरानी वरुण का कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो गया।