Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Birthday Boy सूर्यकुमार यादव हैं भारत के मिस्टर 360 डिग्री, ऐसा रहा है सफर

हमें फॉलो करें Birthday Boy सूर्यकुमार यादव हैं भारत के मिस्टर 360 डिग्री, ऐसा रहा है सफर

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, बुधवार, 14 सितम्बर 2022 (13:47 IST)
हाल ही में एशिया कप में हांगकांग की टीम के खिलाफ भारत की शानदार जीत की इबारत लिखने वाले धाकड़ बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव ने अपनी पारी में ऐसे बहुत से शॉट लगाए थे, जिनका जिक्र क्रिकेट की किसी किताब में तो नहीं है, लेकिन उनकी इस जबर्दस्त पारी के बाद उनका जिक्र हर किसी की जुबान पर जरूर चढ़ गया था।

क्रिकेट के मैदान में नौसिखिया मानी जाने वाली हांगकांग की टीम के खिलाफ भारतीय टीम की जीत के बारे में किसी को कोई संदेह यूं भी नहीं था, लेकिन सूर्य कुमार की 26 गेंद पर 68 रन की चमकदार पारी ने जीत का मजा दोगुना कर दिया था। छह चौके और छह छक्के की इस धुआंधार पारी ने भारतीय क्रिकेट के इस ‘‘सूरज’’ की चमक को कई गुना बढ़ा दिया था।

यहीं से वह भारत के मिस्टर 360 डिग्री कहे जाने लगे जो पदवी अमूमन दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डीविलियर्स के लिए दी जाती थी।

प्रथम श्रेणी का सूर्योदय

सूर्य कुमार ने 2010-11 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया, जब वह मुंबई की तरफ से दिल्ली के खिलाफ रणजी सीजन खेलने उतरे। उन्होंने शानदार तरीके से आगाज करते हुए मुंबई की तरफ से सर्वाधिक रन बनाए। उसके बाद से वह लगातार टीम का हिस्सा बने रहे।

2 साल के भीतर ही मिला IPL अनुबंध

उनके उम्दा खेल का ही नतीजा था कि 2012 के आईपीएल सीजन के लिए मुंबई इंडियंस ने उन्हें अनुबंधित कर लिया। 2013 तक वह मुंबई इंडियंस के साथ रहे और उसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ गए। 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स की आईपीएल की खिताबी जीत में सूर्य कुमार का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने अपनी टीम के लिए इस सीजन का हर मैच खेला।
webdunia

वर्ष 2018 में एक बार फिर मुंबई इंडियंस ने उनके साथ करार किया और इस आईपीएल सीजन में सूर्य कुमार ने 500 से ज्यादा रन बनाकर बाकी सारे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 133.33 की सट्राइक रेट के साथ 36.57 के औसत से कुल 512 रन ठोक डाले। यह सीजन भले ही मुंबई के लिए कोई खास अच्छा नहीं रहा, लेकिन सूर्य कुमार ने अपनी बल्लेबाजी से अपनी टीम को इस सीजन को याद रखने की एक वजह दे दी।

आईपीएल 2020 में सूर्यकुमार यादव सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सातवें स्थान पर थे। सूर्यकुमार यादव ने 16 मैचों में 40 की औसत से 480 रन बनाए थे। उन्होंने अपने बल्ले से कई अहम मौके पर मुंबई की जीत सुनिश्चित की थी। सूर्यकुमार एक फिनिशर की भूमिका में आईपीएल 2020 में उभरे। इस कारण उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज में मौका मिला।

टी-20 डेब्यू की पहली गेंद पर ही मारा छक्का, जड़ा अर्धशतक

सूर्य कुमार ने 14 मार्च 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला और 18 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में पहली बार टीम ब्लू में खेले।

इंग्लैंड के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने जैसे पारी की शुरुआत करी ऐसा लग रहा था कि वह भावनाओं में ना बह जाएं लेकिन जोफ्रा आर्चर की पहली गेंद पर छक्का मारने के बाद उन्होंने कोई भी गैर जिम्मेदार शॉट नहीं खेला।

उन्होंने अपने 50 रन बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगाया और 28 गेंदो में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया।यादव ने आउट होने से पहले 31 गेंदो में 57 रन बनाए जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे। हालांकि उनका आउट होना भी काफी विवादास्पद रहा।
webdunia

पूर्व क्रिकेटर हुए मुरीद

हांगकांग से मैच के बाद सूर्य कुमार के बल्ले का कद उस समय और बढ़ मया, जब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के मारने का रिकॉर्ड अपने नाम पर दर्ज करने वाले शाहिद अफरीदी ने कहा कि वह विराट कोहली की पारी देखने बैठे थे और विराट ठीक-ठाक खेल रहे थे, लेकिन जैसे ही कुमार (सूर्य) आया उसने पहली बॉल पर चौका मारा, दूसरी बॉल पर फिर चौका मारा तो ऐसा लग रहा था जैसे वह लाइसेंस लेकर आया था कि उसको कुछ छोड़ना नहीं है।

भारत में घरेलू क्रिकेट और आईपीएल का ढांचा इतना मजबूत हो गया है कि पिछले कुछ वर्ष से बेखौफ खेलने वाले कई खिलाड़ियों ने टीम में जगह बनाकर वरिष्ठ खिलाडि़यों को चुनौती दी है। गौतम गंभीर ने सूर्य कुमार को तीसरे नंबर पर उतारने की बात कहकर खतरे की एक और घंटी बजा दी।
webdunia

मुंबई के मध्यमवर्गीय परिवार के एकलौते बेटे हैं सूर्यकुमार यादव

सूर्य कुमार यादव का जन्म मायानगरी मुंबई में 14 सितंबर 1990 को एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। सूर्य कुमार यादव के पिता का नाम अशोक कुमार है और वह पेशे से इंजीनियर हैं। सूर्य कुमार अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। उनकी माता का नाम सपना यादव है। सूर्य कुमार यादव की पत्नी का नाम देविशा शेट्टी है।

सूर्य कुमार यादव ने परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय मुंबई से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की है। इसके बाद सूर्य कुमार ने पिल्लई कॉलेज ऑफ आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस, मुंबई से वाणिज्य में बीकॉम की डिग्री हासिल की।

वह बचपन से ही क्रिकेटर बनना चाहते थे। वह अपनी स्कूल की क्रिकेट टीम में खेलते थे। सूर्य कुमार के क्रिकेट के प्रति झुकाव को देखते हुए उनके चाचा विनोद कुमार यादव ने उन्हें क्रिकेट के शुरुआती गुर सीखाए। सूर्य कुमार यादव के पहले कोच उनके चाचा विनोद कुमार यादव ही थे।
साल 2016 में की थी प्रेमिका से शादी

सूर्य कुमार यादव ने सात जुलाई 2016 को अपनी प्रेमिका देविशा शेट्टी से दक्षिण भारतीय रीति-रिवाजों के साथ शादी की। उनकी और देविशा शेट्टी की मुलाकात साल 2012 में मुंबई के पोद्दार डिग्री कॉलेज में हुई थी। देविशा एक डांसर हैं और सूर्य कुमार उनके डांस पर ही फिदा हो गए थे।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

इन 3 बड़े खिलाड़ियों के बिना विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया करेगी भारत का दौरा