Delhi Election 2025 Voting: 60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान, एक्जिट पोल में 27 साल बाद खिलेगा कमल, अब इंतजार 8 फरवरी का

दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटिंग के बाद एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आए। इसमें भाजपा दो दशक के बाद सत्ता में वापसी करती दिख रही है।

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
गुरुवार, 6 फ़रवरी 2025 (00:19 IST)
delhi exit poll 2025 : दिल्ली में बुधवार को विधानसभा चुनाव में 60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। मतदान के दौरान हालांकि आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक दूसरे पर पर पैसे बांटने और फर्जी मतदान सहित गड़बड़ी के आरोप लगाए।  इसके तुरंत बाद एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो गए। इनमें से कई में सत्तारूढ़ आप पर भाजपा की जीत का अनुमान लगाया गया है, जबकि कांग्रेस को एक बार फिर हारते हुए दिखाया गया है। चुनाव आयोग के मतदाता ऐप को रात 10 बजकर 50 मिनट पर अद्यतन किया गया। इसके अनुसार दिल्ली में 60.10 प्रतिशत मतदान हुआ। अब बस इंतजार 8 फरवरी का है जब नतीजे आएंगे। 
ALSO READ: Delhi Exit Poll Results: एक्जिट पोल पर आया AAP का रिएक्शन, क्या बोली BJP
क्या हैं सर्वे एजेंसियों का अनुमान : पोल डायरी के अनुसार आप को 18-25, भाजपा को 42-50, कांग्रेस को 00-02 और अन्य को 01 सीट मिलने की संभावना है। मैट्रिज़ के मुताबिक आप को 32-37, भाजपा को 35-40 और कांग्रेस को 00-01 सीट, चाणक्य स्ट्रैटिजीज़ के हिसाब से आप को 25-28, भाजपा को 39-44 और कांग्रेस को 02-03 सीटें, पीपुल्स इन्साइट के अनुसार आप को 25-29, भाजपा को 40-44 और कांग्रेस को 00-01 सीट तथा पी-मार्क के अनुसार आप को 21-31 भाजपा को 39-49 कांग्रेस को 00-01 सीटें मिल सकतीं हैं। वीप्रिसाइड के हिसाब से आप को 46-52, भाजपा को 18-23 और कांग्रेस को 00-01 सीट तथा माइंड ब्रिंक के मुताबिक आप को 44-49, भाजपा को 21-25 और कांग्रेस 00-01 सीट मिलने की उम्मीद है।
 
2020 के आसपास ही मतदान : इस चुनाव में 2020 के विधानसभा चुनाव के आसपास ही मतदान हुआ है। पिछली बार 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले चुनाव में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने 70 में से 62 सीट जीती थीं, जबकि भाजपा को आठ और कांग्रेस को शून्य सीट मिली थी। विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं तथा शाम बजे मतदान समाप्त होने के निर्धारित समय के बाद भी लोग इंतजार करते रहे। दिल्ली में कुल 1.56 करोड़ मतदाता हैं। अधिकारियों द्वारा सभी 13,766 मतदान केंद्रों से आंकड़े अद्यतन किये जाने के बाद मत प्रतिशत में वृद्धि की उम्मीद है।
क्या कहा चुनाव आयोग ने : चुनाव आयोग ने एक आधिकारिक बयान में बताया, ‘‘दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट पर आज शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में मतदान हुआ। मतदाता मतदान प्रक्रिया और मतदान केंद्रों पर सुविधाओं से प्रसन्न थे।’’ बयान में कहा गया है, ‘‘मतदान के औपचारिक समापन समय यानी शाम छह बजे के बाद कतार में खड़े सभी मतदाताओं को अपना वोट डालने की अनुमति दी गई।’’
 
लता मंगेशकर का पोस्टर : शहरभर के मतदान केंद्रों को सजाया गया था और मतदाताओं को सच्चे उत्सव की भावना का एहसास कराने के लिए मशहूर हस्तियों के पोस्टर चिपकाए गए, जिन पर विशेष संदेश लिखे थे। ऐसे ही एक पोस्टर में लता मंगेशकर की तस्वीर थी, जबकि कई अन्य में पैरालिंपियन की तस्वीर थी।
 
क्या खत्म होगा 27 साल का सूखा : चुनाव मैदान में कुल 699 उम्मीदवार हैं। इस चुनाव से तय होगा कि दिल्ली में आप तीसरी बार सत्ता में आती है या भाजपा 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने का मौका पाती है। कांग्रेस ने भी शहर की राजनीति में अपनी पैठ फिर से जमाने की पूरी कोशिश की।
 
गड़बड़ी और हेरफेर का आरोप : मोती बाग स्थित मतदान केन्द्र पर अपना वोट डालने के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी ने कड़ी मेहनत की है। दिन में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा और दोनों ने एक-दूसरे पर विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
ALSO READ: Manjinder Singh Sirsa : मनजिंदर सिंह सिरसा की प्रोफाइल, 2 बार मिली जीत, 2025 के चुनाव में राजौरी गार्डन की राह कितनी कठिन
सीलमपुर में फर्जी वोटिंग का आरोप : सीलमपुर में उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई जब एक भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि बुर्का पहने कुछ लोग फर्जी मतदान की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने इलाके में किसी भी फर्जी मतदान से इनकार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कस्तूरबा नगर में दो लोगों ने कथित तौर पर फर्जी मतदान करने की कोशिश की। उन्हें पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
 
सीलमपुर में भाजपा द्वारा फर्जी मतदान के आरोपों के बाद आप कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने फर्जी मतदान के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इलाके में अर्द्धसैनिक बलों के जवानों सहित पर्याप्त सुरक्षा तैनात है।
 
दिल्ली के मजनू का टीला में नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के तहत भारतीय नागरिकता प्राप्त करने के बाद पाकिस्तानी हिंदुओं ने भारत में पहली बार अपना वोट डाला। नई सरकार बनाने के लिए हुए चुनावों में पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं, बुजुर्गों, ट्रांसजेंडर और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
 
क्या बोले नेता : अधिकांश एग्जिट पोल ने भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की, जबकि दो ने कहा है कि आप सत्ता में बनी रहेगी। दो अन्य पोल ने दोनों के बीच कड़ी टक्कर दिखाई, जिसमें भाजपा को बढ़त मिली। आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी फिर से दिल्ली में सरकार बनाएगी और अरविंद केजरीवाल लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पार्टी की जीत एग्जिट पोल से कहीं अधिक शानदार होगी।
 
क्या बोले केजरीवाल : अपने परिवार के सदस्यों के साथ वोट डालने के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों से ‘अच्छे स्कूलों, अस्पतालों और शहर के विकास’’ के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। लगातार चौथी बार नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे केजरीवाल का मुकाबला भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से है।
 
केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा कि मेरे माता-पिता को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं, लेकिन वे सुबह से ही मतदान को लेकर बहुत उत्साहित थे।’’ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल और बेटा पुलकित केजरीवाल भी उनके साथ मतदान केंद्र पर गए। केजरीवाल ने कहा कि उम्मीद है कि लोग ‘काम करने वालों’’ को वोट देंगे। उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि लोग ‘बहुत बुद्धिमान’’हैं और सही चुनाव करेंगे। सुनीता ने कहा कि वे गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे।  इनपुट भाषा Edited by : Sudhir Sharma

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

PM Modi Speech : जकूजी, स्टाइलिश बाथरूम और शीशमहल, लोकसभा में 1 घंटे 36 मिनट का PM मोदी का भाषण, जानिए प्रमुख बिंदु

आतिशी की बढ़ीं मुश्किलें, मानहानि मामले में BJP नेता की याचिका पर नोटिस जारी

हरियाणा के CM सैनी का दावा, अनिल विज मुझसे नाराज नहीं

दिल्ली चुनाव 2025: त्रिकोणीय मुकाबला या बहुमत का संकट? कौन बनेगा सत्ता का असली दावेदार?

इतना है भारतीय महिलाओं का गोल्ड पावर कि कई देशों का गोल्ड रिजर्व भी है इनसे पीछे, जानिए पूरी डीटेल

सभी देखें

नवीनतम

Delhi Exit Poll Results: एक्जिट पोल पर आया AAP का रिएक्शन, क्या बोली BJP

Arvinder Singh Lovely : अरविंदर सिंह लवली की प्रोफाइल, 4 बार कांग्रेस से जीते, क्या भाजपा से मिलेगी जीत

सतीश उपाध्याय की प्रोफाइल, क्या मालवीय नगर ढहा पाएंगे AAP का किला

Ravinder Singh Negi : रविंदर सिंह नेगी की प्रोफाइल, PM मोदी ने छुए पैर, क्या पटपड़गंज में फहरा पाएंगे BJP की विजयी पताका

Delhi Election : भाजपा और AAP ने लगाए फर्जी मतदान के आरोप