दिल्ली की सियासी जंग में कैसे AI बना राजनीतिक दलों का सहारा?

दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा, आप और कांग्रेस में वन लाइनरों और मीम के सहारे आर-पार की लड़ाई

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
शनिवार, 25 जनवरी 2025 (12:55 IST)
Delhi elections 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव में तीन प्रमुख दलों-- आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच कटाक्ष, नारों, वन लाइनरों और एआई से बने मीम के सहारे आर-पार की लड़ाई जारी है।
 
एक तरफ आम आदमी पार्टी ने भाजपा को भारतीय झूठा पार्टी और गाली-गलौज पार्टी कहा है तो दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आप को आप-दा और अरविंद केजरीवाल को घोषणा मंत्री करार दिया। ऐसे में वाकयुद्ध तेज हो चला है। कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। उसने केजरीवाल को फर्जीवाल और मोदी का छोटा रिचार्ज करार दिया। जैसे-जैसे राजनीतिक बयानबाजी तेज हो रही है, मीम, वन-लाइनर और कटाक्षपूर्ण टिप्पणियां जोर पकड़ने लगी हैं।
 
दिल्ली में एक बार फिर सत्ता में आने की जुगत में लगी आम आदमी पार्टी ने सालाना दो करोड़ नौकरियां देने जैसे वादों को पूरा करने में कथित रूप से विफल रहने को लेकर भाजपा पर निशाना साधने के लिए भारतीय झूठा पार्टी जैसे शब्द गढ़े हैं।
 
केंद्र की भाजपा नीत सरकार की कर व्यवस्था को "कर आतंक" करार देते हुए, आप प्रमुख केजरीवाल ने हाल में मध्यम वर्ग पर केंद्रित सात सूत्री घोषणापत्र जारी किया और आरोप लगाया कि भाजपा कर संग्रह के लिए इस वर्ग का शोषण करती है, जबकि उसके मुद्दों की अनदेखी करती है।
 
आप ने केजरीवाल की मुफ्त कल्याणकारी योजनाओं का गुणगान करके भाजपा के घोषणापत्र पर पलटवार किया है और भाजपा के वादों पर सवाल उठाते हुए उसके संकल्प पत्र को विनाश पत्र करार दिया।
 
आप ने राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए भाजपा को रावण भक्त जबकि खुद को राम भक्त बताया है। पार्टी ने रमेश बिधूड़ी और शहजाद पूनावाला जैसे भाजपा नेताओं की विवादास्पद टिप्पणियों का हवाला देते हुए भाजपा को गली-गलौच पार्टी करार दिया है।
 
दूसरी ओर, भाजपा ने आक्रामक रुख अपनाया है तथा ‘आप’ के गढ़े विमर्श का मुकाबला करने के लिए अपने राष्ट्रीय नेताओं की लोकप्रियता का फायदा उठाने की कोशिश की है। मोदी ने आप को "आप-दा" कहा है और आरोप लगाया है कि केजरीवाल के दिल्ली के मुख्यमंत्री रहने के दौरान कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार हुआ है।
 
भाजपा ने केजरीवाल के लिए घोषणा मंत्री शब्द भी गढ़ा है और उन पर पांच फरवरी को होने वाले चुनाव से पहले अंतहीन वादे करने का आरोप लगाया है। उसने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं है, जिसको महाठग ने ठगा नहीं।
 
इस बीच, कांग्रेस ने आप और भाजपा दोनों पर हमले तेज कर दिए हैं। कांग्रेस ने केजरीवाल को फर्जीवाल और मोदी का छोटा रिचार्ज करार दिया है। उसने केजरीवाल पर भाजपा की रणनीति अपनाने का आरोप लगाया है।
 
अपने अभियान में आप के पाप का पर्दाफाश जैसे नारे लगाने और केजरीवाल को बार-बार बहरूपिया कहकर संबोधित करने वाली कांग्रेस को उम्मीद है कि वह अपने दोनों प्रतिद्वंद्वियों की कथित कमियों की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित कर सकेगी।
 
दिल्ली की सभी 70 सीटों विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को 1 चरण में मतदान होगा जबकि मतगणना 8 फरवरी को होगी। (भाषा)
edited by : Nrapendra Gupta   

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

कौन हैं महरंग बलोच, जिनसे पाकिस्तानी फौज भी खाती है खौफ?

kunal kamra controversies : कुणाल कामरा कैसे बने चर्चित कॉमेडियन, विवादों से रहा है पुराना नाता

सुनिता विलियम्स की वापसी अटकी थी राजनीति के कारण

सांसदों का वेतन बढ़ा, 34 हवाई यात्राएं, 50 हजार यूनिट, जानिए आपके माननीयों और क्या-क्या मिलता है फ्री

क्या प्रेंग्नेंट है मुस्कान, टेस्ट से सामने आएगा सच, साहिल ने मांगा सरकारी वकील, जानिए कैसी बीत रही हैं दोनों की रातें

सभी देखें

नवीनतम

कपिल मिश्रा : PM मोदी, BJP, RSS के कटु आलोचक से हिंदुत्व के पोस्टरबॉय तक

Rekha Gupta : CM बनते ही एक्शन में नजर आईं रेखा गुप्ता, आयुष्मान योजना को मंजूरी, CAG रिपोर्ट विधानसभा में होगी पेश

Delhi Cabinet Full list : सीएम रेखा गुप्ता के पास वित्त मंत्रालय, शपथ के 4 घंटे बाद दिल्ली BJP सरकार में मंत्रियों को विभागों का बंटवारा

आशीष सूद हैं दिल्ली मंत्रिमंडल में पंजाबी चेहरा, माता और पिता के नाम पर ली शपथ

भगवामय हुआ रामलीला मैदान, रेखा गुप्ता की ताजपोशी में BJP का शक्ति प्रदर्शन