Publish Date: Mon, 16 Jul 2018 (22:26 IST)
Updated Date: Tue, 17 Jul 2018 (00:06 IST)
जगरेब। विश्व कप फाइनल हारने के बाद स्वदेश लौटी क्रोएशियाई टीम का सोमवार को नायकों की तरह स्वागत किया गया और खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़े थे।
राजधानी के बीच बने चौक पर 1 लाख से अधिक लोग जमा थे। कप्तान और विश्व कप गोल्डन बॉल विजेता लुका मोडरिच की अगुवाई में खिलाड़ियों का खुली बस में जुलूस निकाला गया। लोगों ने हाथ में राष्ट्रध्वज और बैनर थाम रखे थे। एक बैनर पर लिखा था कि हमें यही क्रोएशिया पसंद है। हम जनसंख्या में कम हैं, लेकिन काफी हैं।
कई लोग तो काम छोड़कर सड़कों पर जमा थे। टीम का विमान उतरने पर लोकप्रिय गीत 'प्ले ऑन माई क्रोएशिया, वेन आई सी यू माई हार्ट इज ऑन फायर' गूंज उठा। (भाषा)