Publish Date: Sun, 10 Jun 2018 (22:36 IST)
Updated Date: Sun, 10 Jun 2018 (22:37 IST)
विएना। नेमार ने शुरुआती एकादश में वापसी करते हुए आज यहां शानदार गोल दागा, जिससे ब्राजील ने विश्व कप से पूर्व अपने अंतिम मैत्री मैच में आस्ट्रिया को 3-0 से शिकस्त दी। दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ी नेमार (63 वें मिनट) ने इसके साथ ही तीन महीने पहले हुए पैर के ऑपरेशन के बाद पूर्ण फिटनेस हासिल करने की पुष्टि भी कर दी।
ब्राजील की ओर से दो अन्य गोल गैब्रिएल जीजस (36 वें मिनट) और फिलिप कोटिन्हो (69 वें मिनट) ने दागे। टिटे की टीम की विश्व कप पूर्व तैयारी काफी अच्छी रही है और अब टीम रूस के सोची शहर में अपने बेस के लिए रवाना होगी।
ब्राजील की टीम के कल तड़के रूस पहुंचने का कार्यक्रम है जिसके बाद टीम अगले रविवार को स्विट्जरलैंड के खिलाफ टूर्नामेंट का अपना पहला मैच खेलेगी। नेमार का यह ब्राजील की ओर से 55 वां गोल है और उन्होंने देश की ओर से सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ियों की सूची में रोमारियो की बराबरी की। ब्राजील की तरफ से उनसे अधिक गोल अब सिर्फ महान पेले और रोनाल्डो ने दागे हैं। (भाषा)