राजनाथ सिंह

Webdunia
FILE
भाजपा के अध्यक्ष चुने गए राजनाथ सिंह पहले भी विभिन्न संकटों के बीच सरताज बनकर उभरे हैं। ऐसे समय में जब लोकसभा चुनाव बहुत दूर नहीं है और पार्टी गुटबाजी की शिकार है तब राजनाथ सिंह का इस पद पर चुना जाना बहुत मायने रखता है।

नितिन गडकरी के बाद भाजपा की बागडोर संभालने वाले 61 वर्षीय सिंह उत्तरप्रदेश से हैं। राजनीतिक हलकों में उन्हें काफी मृदुभाषी और बेलाग बोलने वालों में माना जाता है। इससे पहले भी वे इस भूमिका को अंजाम दे चुके हैं। अब आगे उनके सामने प्रमुख चुनौती है आगामी आम चुनाव।

राजनाथ सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के एक छोटे से ग्राम भाभोरा में 10 जुलाई 1951 को हुआ था। उनके पिता का नाम रामबदन सिंह और माता का नाम गुजराती देवी था। वे क्षेत्र के एक साधारण कृषक परिवार में जन्मे थे।

गोरखपुर विश्वविद्यालय से उन्होंने प्रथम श्रेणी में भौतिकी में एमएससी की उपाधि प्राप्त की। वे 13 वर्ष की आयु से (सन् 1964 से) संघ परिवार से जुड़े हैं। 1969 में गोरखपुर में भाजपा की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में संगठन सचिव से राजनीतिक करियर की शुरुआत की।

1971 में मिर्ज़ापुर में केबी पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री कॉलेज में भौतिकी के व्याख्यता नियुक्त होने के बाद भी संघ से जुड़े रहे। 1974 में उन्हें भारतीय जनसंघ की मिर्जापुर इकाई का सचिव नियुक्त किया गया।

कॉलेज में भौतिकी के व्याख्याता के रूप में अपना करियर शुरू करने वाले राजनाथ सिंह का पार्टी में धीरे-धीरे उदय हुआ। 2006 से 2009 के दौरान भाजपा प्रमुख के तौर पर उन्होंने काफी प्रतिष्ठा हासिल की और दिखा दिया कि चाहे मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी हो या केंद्रीय मंत्री या फिर पार्टी की कमान सम्हालने की, वे कुशलता से जिम्मेदारी निभा सकते हैं।

सिंह के पार्टी में दोबारा शीर्ष स्थान हासिल करने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से नजदीकी ने उनकी राह को आसान बना दिया। राजनाथ सिंह ने ऐसे समय में पार्टी का दायित्व संभाला, जिसके ठीक तीन दिन पहले ही कांग्रेस ने अपने 'युवराज' राहुल गांधी को उपाध्यक्ष बनाया है। अब एक अहम सवाल है कि क्या सिंह भाजपा को कांग्रेस के बरक्स खड़ा कर पाएंगे।

जहां गडकरी के दूसरी बार अध्यक्ष चुने जाने को लेकर पार्टी में स्पष्ट तौर पर दरार नजर आ रही थी। वहीं नाटकीय रूप से सिंह के चुने जाने पर एक तरह से भाजपा के भीतर के मतभेद पर विराम लग गया है। दिसंबर 2009 वह समय था, जब सिंह के बाद अध्यक्ष पद पर गडकरी आए थे लेकिन अब 2013 की शुरुआत में, अंतिम समय में हुए जबर्दस्त उलटफेर में गडकरी भाजपा अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर हो गए और इसके बाद दूसरी बार आम सहमति से राजनाथ सिंह की भाजपा अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी हुई।

पार्टी के पास निश्चित ही कुछ विकल्प थे लेकिन सिंह की निर्विवाद और प्रतिद्वंद्वियों के बीच बेहतर छवि ने उनके नाम पर सहमति बनाने में मदद की।

भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी के बाद 2005 में भाजपा की बागडोर संभालने वाले राजनाथ सिंह ने पार्टी को फिर से एकजुट किया और पार्टी की मूल विचारधारा हिंदुत्व पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि अयोध्या स्थित राम मंदिर निर्माण के संबंध में कोई समझौता नहीं होगा।

बहरहाल, 2009 में पार्टी को केंद्र में सत्ता में लाने में नाकामी तो मिली ही, साथ ही 2004 की तुलना में पार्टी को 22 सीटों का नुकसान भी उठाना पड़ा।

आपातकाल के दौरान राजनाथ सिंह जयप्रकाश नारायण के आंदोलन में शामिल हुए और जेल गए। 1977 में पहली बार उत्तरप्रदेश से विधायक बने, फिर भाजपा के राज्य सचिव बनाए गए। 1986 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव बनने वाले सिंह को 1988 में मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वर्ष 1988 में ही सिंह उत्तरप्रदेश में विधान परिषद के सदस्य चुने गए। कल्याण सिंह सरकार के दौरान वे शिक्षामंत्री बने।

उत्तरप्रदेश की सियासत में भले ही वे लंबी पारी खेल चुके हो लेकिन संसद में वे पहली बार 1994 में पहुंचे, जब उन्हें राज्यसभा टिकट मिला। ऊपरी सदन में उन्हें भाजपा का मुख्य सचेतक भी बनाया गया।

वर्ष 1997 में जब उत्तरप्रदेश राजनीतिक संकट का सामना कर रहा था, तब एक बार फिर से उन्होंने राज्य पार्टी अध्यक्ष की बागडोर संभाली और इस पद पर 1999 तक रहे। इसके बाद केंद्र में अटलबिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में राजग सरकार में भूतल परिवहन मंत्री बने।

केंद्र और राज्यों के बीच उनका आना-जाना लगा रहा। 28 अक्टूबर 2000 को वे रामप्रकाश गुप्ता की जगह उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री बने और 8 मार्च 2002 तक वे इस पद पर काबिज रहे, लेकिन तब तक राज्य में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी बढ़त बना चुकी थीं।

भाजपा ने बसपा प्रमुख मायावती को उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री के तौर पर समर्थन देने को फैसला किया लेकिन सिंह ने इस कदम पर ऐतराज जाहिर किया। इसके बाद एक बार फिर से वे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बने।

किसान परिवार से आने वाले सिंह ने 2003 में राजग से अजित सिंह के अलग होने के बाद वाजपेयी मंत्रिमंडल में कृषिमंत्री के तौर पर वापसी की। भाजपा में सिंह के आगे बढ़ने की यात्रा जारी रही। 31 दिसंबर 2005 को वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए। उनके कार्यकाल में पहली बार कर्नाटक में भाजपा सत्ता में आई।

Show comments

जरूर पढ़ें

भारत में कैसे होती है जनगणना, जानिए Census की पूरी प्रक्रिया

Apple, Google, Samsung की बढ़ी टेंशन, डोनाल्ड ट्रंप लॉन्च करेंगे सस्ता Trump Mobile T1 स्मार्टफोन

Raja Raghuvanshi Murder Case : खून देखकर चिल्ला उठी थी सोनम, 2 हथियारों से की गई राजा रघुवंशी की हत्या

Ahmedabad Plane Crash: प्लेन का लोहा पिघल गया लेकिन कैसे बच गई भागवत गीता?

शुक्र है राजा रघुवंशी जैसा हश्र नहीं हुआ, दुल्हन के भागने पर दूल्हे ने ली राहत की सांस

सभी देखें

नवीनतम

Weather Update: पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए कैसा है यूपी, बिहार का मौसम?

LIVE: ईरान पर इजराइल के हमलों में 585 लोगों की मौत, 1326 लोग घायल

G7 समिट में पीएम मोदी ने कहा, आतंकवाद मानवता का दुश्मन

ईरान ने किया जंग का एलान, इजराइल पर दागीं 25 मिसाइलें

Israel-Iran conflict : डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को सीधी धमकी, बिना शर्त सरेंडर करो, हमें पता है सुप्रीम लीडर कहां छिपा है