Publish Date: Thu, 23 Nov 2017 (13:41 IST)
Updated Date: Thu, 23 Nov 2017 (13:44 IST)
अहमदाबाद। गुजरात चुनाव को लेकर गर्माये माहौल के बीच सत्तारूढ भाजपा अपने प्रचार अभियान की विधिवत शुरुआत 26 नवंबर को सभी करीब 50 हजार बूथों पर 'मन की बात-चाय के साथ' कार्यक्रम के साथ करेगी जबकि अगले दिन 27 नवंबर तथा फिर 29 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार-चार चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
पार्टी के प्रदेश प्रभारी तथा राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मोदी 27 नवंबर को कच्छ जिले के मुख्यालय भुज, राजकोट जिले के जसदण, अमरेली के धारी और सूरत के कामरेज में तथा 29 को मोरबी, सोमनाथ के निकट प्राची, भावगर के पालिताणा और नवसारी में सभाएं करेंगे। ये सभी क्षेत्र पहले चरण के चुनाव वाले इलाकों में हैं।
इससे पहले 26 नवंबर को सभी बूथ क्षेत्रों में पार्टी मन की बात चाय के साथ कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इसमें सुबह चाय की चुस्की के साथ जनता से चर्चा होगी। उसी दिन शाम को पार्टी जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन भी करेगी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में 89 सीटों पर होने वाले चुनाव में स्टार प्रचारक के तौर पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथसिंह, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, नितिन गडकरी, उमा भारती तथा उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया भाग लेंगी। भाजपा का चुनावी मुद्दा वंशवाद और जातिवाद बनाम विकासवाद का होगा। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Thu, 23 Nov 2017 (13:41 IST)
Updated Date: Thu, 23 Nov 2017 (13:44 IST)