Publish Date: Tue, 05 Dec 2017 (14:11 IST)
Updated Date: Tue, 05 Dec 2017 (14:37 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अति प्रचंड समुद्री चक्रवात ओखी के गुजरात पहुंचने की संभावना के मद्देनज़र भाजपा कार्यकर्ताओं से राज्य के नागरिकों को सहायता पहुंचाने के लिए कमर कसने का मंगलवार को आह्वान किया।
मोदी ने ट्विटर पर कहा कि वह देश के विभिन्न हिस्सों में समुद्री चक्रवात ओखी के कारण उत्पन्न स्थिति की सतत निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने इस बारे में संबद्ध अधिकारियों से बातचीत की है। इससे प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि चक्रवात के गुजरात में पहुंचने की संभावना को देखते हुए वह राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील करते हैं कि वे लोगों की मदद करने पर ध्यान केन्द्रित करें। हमारे कार्यकर्ताओं को लोगों को हरसंभव सहायता मुहैया कराना चाहिए तथा उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होना चाहिए। (वार्ता)