Publish Date: Thu, 05 Mar 2026 (12:51 IST)
Updated Date: Thu, 05 Mar 2026 (13:01 IST)
Ahmedabad Gujarat News : वर्ष 2030 में अहमदाबाद में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स को ध्यान में रखते हुए नगर निगम (AMC) द्वारा शहर के बुनियादी ढांचे को नया रूप दिया जा रहा है। इस मेगा प्लान के तहत अगले 4 वर्षों में 18 से अधिक नए ओवरब्रिज, अंडरपास और मल्टी-लेवल एलिवेटेड कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य खेलों के दौरान एथलीटों और नागरिकों को ट्रैफिक मुक्त परिवहन प्रदान करना है, जिसके लिए 35 व्यस्त जंक्शनों पर सर्वे पूरा कर लिया गया है।
CRRI द्वारा वैज्ञानिक ट्रैफिक सर्वे
शहर में वाहनों के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (CRRI) की मदद ली गई है। संस्था द्वारा शहर की मुख्य सड़कों पर वर्तमान ट्रैफिक PCU (पैसेंजर कार यूनिट) और भविष्य में होने वाले ट्रैफिक ग्रोथ का गहन अध्ययन किया गया है।
GPR टेक्नोलॉजी का उपयोग
ब्रिज के काम में भूमिगत पाइपलाइन या केबल जैसी यूटिलिटी (सुविधाएं) बाधा न बनें, इसके लिए निगम द्वारा 'ग्राउंड पेनिट्रेशन रिपोर्ट' (GPR) सर्वे किया जाएगा। इस अत्याधुनिक सर्वे के माध्यम से जमीन के नीचे मौजूद बड़ी लाइनों को लोकेट किया जाएगा, ताकि काम शुरू होने के बाद देरी न हो। यदि संभव हुआ तो छोटी लाइनों को शिफ्ट किया जाएगा।
अत्याधुनिक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण
इस प्लान का सबसे बड़ा आकर्षण 5 मेगा एलिवेटेड कॉरिडोर हैं, जो मौजूदा ब्रिज के ऊपर डबल हाइट में बनाए जाएंगे। इन कॉरिडोर में ओढव से इंदौर हाईवे, बोपल से घुमा, कालूपुर से शाहपुर मेट्रो स्टेशन, नेहरू नगर से इस्कॉन और सरखेज से साणंद चौकड़ी तक के रूट शामिल हैं।
डिजाइन तैयार का काम जोरों पर
वर्तमान में 18 महत्वपूर्ण जंक्शनों पर फिजिबिलिटी सर्वे और डिजाइन तैयार करने का काम जोरों पर चल रहा है। नगर निगम ने इन प्रोजेक्ट्स के लिए प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से सर्वे दर तय कर एजेंसियों को काम सौंप दिया है। अगले चार वर्षों में ये सभी 18 ब्रिज और अंडरपास तैयार हो जाने से अहमदाबाद एक ग्लोबल सिटी के रूप में उभरेगा।