Publish Date: Tue, 03 Jun 2025 (23:21 IST)Updated Date: Tue, 03 Jun 2025 (23:24 IST)
पाकिस्तान के एक नए दस्तावेज ने पिछले महीने चार दिनों तक चले सैन्य संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी ठिकानों पर भारत के सटीक हमलों पर नए सिरे से रोशनी डाली है, क्योंकि इसमें कम से कम सात ऐसे ठिकानों का जिक्र किया गया है, जिनके बारे में पहले पता नहीं था। दस्तावेज में कहा गया है कि भारत ने खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर, सिंध प्रांत के अटक, बहावलनगर, छोर और हैदराबाद तथा पंजाब प्रांत के गुजरात और झंग में विभिन्न ठिकानों को निशाना बनाया।
यह विवरण पाकिस्तान की ओर से ऑपरेशन बनयान-उम-मर्सूस पर जारी किए गए दस्तावेज में शामिल है, जिसे भारत के ऑपरेशन सिंदूर के जवाब में शुरू किया गया था।
पाकिस्तानी मीडिया के साथ साझा किए गए दस्तावेज में आठ, नौ और 10 मई को भारत की ओर से पाकिस्तान में किए गए ड्रोन हमलों का विस्तृत ब्योरा दिया गया है। भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में सात मई को ऑपरेशन सिंदूर चलाया था, जिसके तहत पाकिस्तान और इसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में लंबी दूरी के हथियारों से आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले किए गए थे।
Following this report, the updated strike map now includes these additional locations in Pakistan allegedly targeted by India during their recent conflict https://t.co/LGZcdrmKOXpic.twitter.com/Dxsfku89t2
भारतीय सशस्त्र बलों ने मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के मरकज तैयबा, बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के मरकज सुभान अल्लाह और सियालकोट में हिजबुल मुजाहिदीन के महमूना जोया सहित नौ ठिकानों को निशाना बनाया था। भारतीय सशस्त्र बलों ने बरनाला के मरकज अहले हदीस में लश्कर के अड्डे और मुजफ्फराबाद के शवाई नाला में संगठन के शिविर पर भी हमला किया था।
भारतीय कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने आठ, नौ और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की थी। पाकिस्तानी हमलों का भारत ने करारा जवाब दिया था। उसने पाकिस्तानी वायुसेना के ठिकानों, वायु रक्षा प्रणालियों, कमान एवं नियंत्रण केंद्रों तथा रडार स्थल सहित कई प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचाया था। इनपुट भाषा Edited by: Sudhir Sharma
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें