Publish Date: Wed, 11 Aug 2021 (12:35 IST)
Updated Date: Wed, 11 Aug 2021 (12:40 IST)
इंदौर। इंदौर के आजाद नगर इलाके में एक सनसनीखेज घटनाक्रम में एक युवक ने एक युवती पर ब्लेड से हमला कर दिया। युवती को बचाने आए भाई पर भी उसने कई वार किए। दोनों को गंभीर अवस्था में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला एकतरफा प्यार का बताया जा रहा है। आरोपी युवती की शादी होने से नाराज था। पुलिस ने सिरफिरे आशिक को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार को अक्का उर्फ अकरम खान ने घर में घुसकर युवती पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में युवती बुरी तरह घायल हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर भाई बचाने आया तो अकरम ने उस पर भी हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग आए तो अकरम भाग गया। लोगों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। युवती को गाल पर 45 टांके आए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने आरोपी को देर रात उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी अक्का ने बताया कि कई सालों बाद आसीम को देखा और देखते ही उसे गुस्सा आ गया। वह उसे बेइंतहा मोहब्बत करता था और शादी करना चाहता था, लेकिन और किसी के साथ उसकी शादी होने से वह खफा था।
लड़की के पिता ने बताया कि अक्का तीन साल पहले उनकी लड़की को परेशान करता था। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उन्होंने बेटी की शादी कहीं और कर दी थी। उसके 2 बच्चे भी हैं। बेटी शादी के बाद पहली बार अपने पिता के घर आई थी। अक्का ने मौका पाकर उस पर हमला कर दिया।