Publish Date: Tue, 03 Jun 2025 (14:51 IST)
Updated Date: Tue, 03 Jun 2025 (14:55 IST)
इंदौर से मेघालय हनीमून पर गए राजा और सोनम रघुवंशी के साथ हुए हादसे से अब इंदौर प्रशासन सबक लेने जा रहा है। अब इंदौर और इसके आसपास के इलाकों में स्थित पर्यटन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए प्रशासन कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है।
बता दें कि इंदौर के नवविवाहित कपल राजा और सोनम रघुवंशी मेघालय में हनीमून मनाने गए और हादसे का शिकार हो गए। राजा का शव मिल गया है और सोनम की तलाश जारी है। राजा की मौत की वजह अभी सामने नहीं आई है और न ही यह पता चल सका है कि सोनम कहां है।
अलर्ट मोड में इंदौर प्रशासन : इस हादसे के बाद इंदौर प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। प्रशासन ने सभी पर्यटक स्थलों पर कैमरे लगाने के निर्देश जारी किए हैं। हर जगह लाइव मानिटरिंग की जाएगी। बता दें कि इंदौर के पर्यटक स्थलों पर भी कई बार लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कई बार हादसे हुए हैं तो कई बार अपराधियों ने उन्हें अपना शिकार बना लिया है।
विभागों को जारी किए निर्देश : कलेक्टर आशीष सिंह ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि समय रहते सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारी करें ताकि त्वरित कार्यवाही की जा सके। यह निर्णय लिया गया कि वर्षाकाल के दौरान जिले के प्रमुख पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, सीसीटीवी कैमरों के जरिये निरंतर मॉनिटरिंग होगी, और असुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जाएंगे।
गायब हुए इंदौरी कपल का रहस्य : इंदौर से हनीमून पर गए इंदौर के राजा और सोनम को लेकर रहस्य लगातार गहराता जा रहा है। करीब 11 दिन बाद राजा का शव शिलांग की खाई में से बरामद किया गया है। उसका शव पूरी तरह से सड़-गल चुका था। राजा के भाई ने शव की शिनाख्त की है। जबकि राजा की पत्नी सोनम अब तक लापता है, सोनम की खोज में लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है। बता दें कि राजा और सोनम जब खाई में उतरे थे तो उन्होंने कॉफी पी और केला खाया था। सोनम को कॉफी अच्छी नहीं लगी थी। इस कारण राजा ने दुकानदार से बहस भी की थी। इस बीच राजा की हत्या और सोनम की गुमशुदगी से यह रहस्य और ज्यादा गहरा गया है।
Edited By: Navin Rangiyal