Publish Date: Fri, 10 Nov 2017 (19:43 IST)
Updated Date: Fri, 10 Nov 2017 (20:03 IST)
इंदौर। लिफ्ट देने के बहाने यहां बस का इंतजार कर रही एक विवाहित महिला से तीन लोगों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।
क्षिप्रा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि 35 वर्षीय एक महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि 30 अक्टूबर की रात वह घर जाने के लिए तीन इमली चौराहे पर बस का इंतजार कर रही थी। इस दौरान उसका परिचित महेश गोले वहां कार से पहुंचा और उसे घर तक छोड़ने की पेशकश की। गोले से जान-पहचान के कारण महिला ने उससे लिफ्ट ले ली।
उन्होंने बताया कि कार में महेश के साथ उसका ड्राइवर और एक युवक सवार था। आरोप है कि तीनों लोग उसे उसके घर छोड़ने के बजाय मांगलिया क्षेत्र में ले गए और डरा-धमकाकर उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।