Publish Date: Thu, 30 Jan 2025 (12:51 IST)
Updated Date: Thu, 30 Jan 2025 (12:57 IST)
प्रयागराज कुंभ में भगदड़ के बाद पूरे देश से गए हजारों लाखों श्रद्धालुओं के परिवार अपनों के लिए चिंतित हैं। बता दें कि देशभर लाखों श्रद्धालुओं का कुंभ में जाने का सिलसिला जारी है। मध्यप्रदेश के इंदौर से भी हजारों भक्त कुंभ के संगम में डुबकी लगाने पहुंचे हैं। हालांकि इंदौर से गए हजारों श्रद्धालुओं के बारे में जानकारी सामने आई है कि वे सभी सुरक्षित हैं।
कुंभ (kumbha) में इस समय भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थिति यह है कि यूपी सरकार ने प्रयागराज और आसपास के शहरों की सीमाओं पर ही वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। वहीं, कुंभ क्षेत्र में वाहनों का आना जाना पूरी तरह से बंद कर दिया है।
सुरक्षित हैं इंदौर के श्रद्धालु : बता दें कि कुंभ में इंदौर से हजारों की संख्या में पहुंचे हैं। इंदौर के एयरपोर्ट रोड पर स्थित विद्या धाम मंदिर का भी शिविर इस कुंभ क्षेत्र में लगाया गया है। वहां पर 1500 नागरिक ठहरे हुए हैं। इस शिविर की व्यवस्था को संभाल रहे पंडित दिनेश शर्मा ने बताया कि शिविर में पहुंचे इंदौर के हजारों नागरिक पूरी तरह से सुरक्षित है। किसी भी नागरिक को कोई क्षति नहीं पहुंची है। इसके अतिरिक्त लाज होटल में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठहरे हुए हैं।
40 लोगों की मौत : मंगलवार और बुधवार के दरमियानी रात में आधी रात के बाद कुंभ क्षेत्र में भगदड़ मचने से सरकारी तौर पर 40 नागरिकों की मौत हो गई। इसके साथ ही सरकार के द्वारा यह भी जानकारी दी गई है कि मौनी अमावस्या के दिन बुधवार को कुंभ क्षेत्र में स्नान कर पुण्य पाने के लिए 10 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु देशभर से पहुंचे हैं। कुंभ क्षेत्र में साधु संतों के सैकड़ों शिविर लगे हुए हैं। इन शिविर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु ठहरे हुए हैं।
Edited By: Navin Rangiyal