Publish Date: Mon, 20 Jul 2020 (11:39 IST)
Updated Date: Mon, 20 Jul 2020 (11:44 IST)
बीजिंग। बाढ़ के कारण कई लोगों की मौत हो जाने के बीच मध्य चीन में अधिकारियों ने एक बांध में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर हो जाने के बाद उसे तोड़ दिया। सरकारी प्रसारक 'सीसीटीवी' की खबर के अनुसार अनहुइ प्रांत में चूही नदी पर बने बांध को रविवार सुबह एक विस्फोट कर तोड़ दिया गया। इसके बाद पानी के 2 फुट तक नीचे आने की संभावना है। मूसलधार बारिश के कारण यांगत्जे सहित कई नदियों में जलस्तर इस साल बढ़ गया है।
बांध तोड़कर पानी निकालने का कदम 1998 में उठाया गया था, जब बाढ़ के कारण 2,000 से अधिक लोगों की जान चली गई थी और करीब 30 लाख लोग बेघर हो गए थे। पिछले सप्ताह यांगत्जे में विशाल 'थ्री गॉर्जस डैम' में पानी के खतरे के निशान से 50 फुट ऊपर आ जाने की वजह से पानी निकालने के लिए उसके द्वारों को खोल दिया गया था।
मंगलवार को यहां एक बार फिर बाढ़ आने की आशंका है। मूसलधार बारिश के कारण हुए भूस्खलन और बाढ़ संबंधी घटनाओं में 150 से अधिक लोग मारे गए हैं या लापता हैं। (भाषा)