Publish Date: Mon, 08 Jan 2018 (10:45 IST)
Updated Date: Mon, 08 Jan 2018 (11:14 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मुख्यधारा की मीडिया को 'बेईमानी और खराब रिपोर्टिंग' के लिए अपना बहुप्रचारित 'फेक न्यूज अवॉर्ड्स' 17 जनवरी को देंगे। ये अवॉर्ड्स रविवार को दिए जाने थे, लेकिन इन्हें टाल दिया गया है और अब ये 17 जनवरी को दिए जाएंगे।
कैंप डेविड के प्रेसिडेंशियल रीट्रीट से वापसी पर ट्रंप ने रविवार को ट्वीट के जरिए अवॉर्ड्स की नई तारीख की जानकारी दी। यह मीडिया संस्थानों को दिया जाने वाला अपनी तरह का अनोखा पुरस्कार है।
राष्ट्रपति ने ट्वीट किया कि मुख्य धारा की मीडिया के सबसे भ्रष्ट और पक्षपाती संस्था को दिया जाने वाला 'द फेक न्यूज अवॉर्ड्स' इस सोमवार के स्थान पर अब बुधवार 17 जनवरी को दिया जाएगा। उन्होंने लिखा है कि इन अवॉर्ड्स में लोगों की दिलचस्पी और इसका महत्व लोगों के पूर्वानुमान से कहीं ज्यादा होगा।
ट्रंप ने 2 जनवरी को कहा था कि वे 'बेईमानी और खराब रिपोर्टिंग' के लिए मीडिया संस्थानों को पुरस्कार देंगे। उन्होंने 'फेक न्यूज' शब्दावली का ईजाद राष्ट्रपति पद के चुनाव प्रचार के दौरान किया था। ट्रंप अक्सर सीएनएन, दि न्यूयॉर्क टाइम्स और दि वॉशिंगटन पोस्ट को 'फेक मीडिया' कहते हैं। (भाषा)