Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

बेटी इवांका पर अश्लील टिप्पणियां करते थे डोनाल्ड ट्रम्प, माइल्स टेलर की किताब से चौंकाने वाले खुलासे

Advertiesment
हमें फॉलो करें डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका पर अश्लील टिप्पणियां

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, सोमवार, 21 जुलाई 2025 (15:07 IST)
Donald Trumps obscene comments on Ivanka: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन में काम कर चुके वरिष्ठ अधिकारी माइल्स टेलर की नई किताब ‘ब्लो बैक : अ वॉर्निंग टू सेव डेमोक्रेसी फ्रॉम द नेक्स्ट ट्रम्प’ में ट्रम्प और वाइट हाउस के भीतर महिलाओं के साथ हुए व्यवहार को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए गए हैं। टेलर वही अधिकारी हैं, जिन्होंने 'एनोनिमस' नाम से न्यूयॉर्क टाइम्स में ट्रम्प प्रशासन के खिलाफ विस्फोटक लेख लिखा था। सीएनएन ने भी कुछ साल पहले ट्रंप के इंटरव्यू के कुछ हिस्से प्रकाशित किए थे, जिनमें वे बार-बार बेटी इवांका के शरीर को लेकर टिप्पणी कर रहे थे। 
 
इवांका ट्रम्प को लेकर ट्रम्प की आपत्तिजनक टिप्पणियां : किताब के सबसे सनसनीखेज हिस्से में दावा किया गया है कि ट्रम्प ने अपनी बेटी इवांका को लेकर बेहद अश्लील टिप्पणियां की थीं। ऑफिस के कुछ सहयोगियों के मुताबिक, ट्रम्प ने इवांका के शरीर के बारे में अपमानजनक बातें कीं और यहां तक कह दिया कि उनके साथ यौन संबंध कैसे होंगे, इस पर चर्चा की। सबसे चौंकाने वाला दावा यह है कि ट्रम्प ने अपनी ही बेटी इवांका ट्रम्प के बारे में अश्लील टिप्पणियां की थीं। न्यूजवीक द्वारा प्राप्त किताब के अंशों के अनुसार, 'सहायकों के अनुसार ट्रम्प ने इवांका के स्तनों और नितंबों के बारे में बात की और यह भी कहा कि उनके साथ यौन संबंध कैसे होंगे'।
webdunia
यह घटना इतनी गंभीर थी कि तत्कालीन चीफ ऑफ स्टाफ जॉन केली ने ट्रम्प को फटकार लगाते हुए याद दिलाया कि इवांका उनकी बेटी हैं। केली ने बाद में टेलर से इस घटना पर चर्चा करते हुए ट्रम्प को 'बेहद दुष्ट व्यक्ति' बताया।
 
ट्रम्प के इवांका पर पिछले बयानों का इतिहास भी उजागर हुआ है। 2006 में टीवी शो ‘द व्यू’ में उन्होंने कहा था, 'अगर इवांका मेरी बेटी न होती, तो शायद मैं उनके साथ डेटिंग करता। क्या यह भयानक नहीं है? 2015 में ‘रोलिंग स्टोन’ को दिए इंटरव्यू में भी वे इवांका की खूबसूरती पर विवादास्पद बातें कह चुके हैं।
 
उल्लेखनीय है ट्रम्प ने सभी आरोपों को खारिज किया है और इसे राजनीति से प्रेरित बताया है, लेकिन न्यायालयी फैसलों और पूर्व सहयोगियों के खुलासों ने इन मुद्दों को राष्ट्रीय बहस के केंद्र में ला दिया है। 2016 में CBS न्यूज को दिए साक्षात्कार में इवांका ने अपने पिता का बचाव करते हुए कहा था कि वह 'ग्रोपर' नहीं हैं और महिलाओं का पूरा सम्मान करते हैं। इवांका ने Access Hollywood टेप के बारे में कहा था कि वह इसे 'आपत्तिजनक' मानती हैं, लेकिन उनके पिता ने माफी मांगी है।
 
ट्रंप के कार्यकाल में महिला अधिकारियों का अपमानजनक अनुभव :
  • डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी की पूर्व सचिव कर्स्टजेन नील्सन के साथ ट्रम्प ने बार-बार अशिष्ट व्यवहार किया। वे उन्हें 'स्वीटी' और 'हनी' जैसे शब्दों से बुलाते, उनके मेकअप और कपड़ों को लेकर सार्वजनिक टिप्पणी करते और मीटिंग्स में अपमानित करते थे।
  • नील्सन ने एक बार टेलर से कहा कि मुझ पर भरोसा करो, यह महिलाओं के लिए स्वस्थ कार्यस्थल नहीं है।
  • एक मीटिंग के दौरान, ट्रम्प ने उनकी सलाहकार केलियन कॉनवे समेत अन्य महिला नेताओं को बुरी तरह फटकारा। बाद में कॉनवे ने ट्रम्प को ‘महिलाविरोधी धमकाने वाला’ बताया, हालांकि उनके कार्यालय ने इससे इनकार किया।
  • ओवल ऑफिस की एक घटना में ट्रम्प ने प्रेस सचिव सारा हकाबी सैंडर्स से कहा, 'सारा, तुमने बहुत वजन कम कर लिया है!' जब उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ तो मामला टाल गए।
यौन उत्पीड़न और अदालत का फैसला : ये खुलासे ऐसे वक्त आए हैं, जब पत्रकार ई. जीन कैरोल की ओर से लगे यौन उत्पीड़न और मानहानि के मामले में कोर्ट ने ट्रम्प को दोषी मानते हुए 5 मिलियन डॉलर का हर्जाना देने का आदेश दिया है। ट्रम्प इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित मानते हैं, लेकिन कोर्ट के फैसले और किताब में दर्ज घटनाएं उनके पक्ष में नहीं जातीं।
 
कौन हैं माइल्स टेलर : रिपब्लिकन से 'सेंटरिस्ट' तक : टेलर 2022 तक रिपब्लिकन पार्टी का हिस्सा थे, लेकिन अब वे 'फॉरवर्ड पार्टी' के साथ एक मध्यमार्गी राजनेता के तौर पर सामने आए हैं। 2018 में अपने 'एनोनिमस' लेख और फिर 2020 में अपनी वास्तविक पहचान सार्वजनिक कर उन्होंने ट्रम्प-विरोधी मुहिम का नेतृत्व किया।
 
माइल्स टेलर की किताब अमेरिकी लोकतंत्र और राजनीति के लिए एक बड़ी चेतावनी के तौर पर देखी जा रही है। जहां ट्रम्प अपने खिलाफ लग रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं, वहीं किताब में दर्ज घटनाएं व प्रशासन की महिला अधिकारियों के अनुभव देश और दुनिया में विचार के विषय बने हुए हैं। 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

सड़क दुर्घटना में हो गई थी बस चालक की मौत, एमएसीटी ने दिया 44 लाख का मुआवजा देने का आदेश