Publish Date: Fri, 22 Jun 2018 (09:00 IST)
Updated Date: Fri, 22 Jun 2018 (09:06 IST)
टोक्यो। जापान दुनियाभर में अपने वक्त की पाबंदी के लिए जाना जाता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वाइरल हुई इस खबर से यह धारणा और मजबूत हुई है। यहां जल विभाग में काम करने वाले एक अफसर के लंच से सिर्फ 3 मिनट पहले डेस्क छोड़ने पर विभाग को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता से माफी मांगनी पड़ी।
जापान के शहर कोब में वॉटरवर्क्स ब्यूरो में काम करता है। लंच ब्रेक दोपहर 1 बजे से शुरू होता है। लेकिन वो 12:57 पर ही सीट से उठ गया था। इस कर्मचारी को लोक सेवा कानून के उल्लंघन का दोषी पाया गया था। इस कानून के तहत, काम के घंटे के दौरान कर्मचारियों को अपने काम पर ध्यान देना होता है।
ऐसा पहली बार नहीं हुआ था। यह कर्मचारी पिछले 7 महीनों में 26 बार लंच से पहले अपनी डेस्क छोड़कर जाने का दोषी पाया गया। विभाग ने इसकी एक दिन की आधी सैलरी ही नहीं काटी, बल्कि दोबारा ऐसा ना करने के लिए चेतावनी भी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान विभाग ने कहा, हमारा लंच ब्रेक दोपहर 1 बजे होता है। लेकिन दोषी अफसर ने इससे पहले अपनी डेस्क छोड़ दी। हमें इस तरह के व्यवहार के लिए खेद है। हम माफी मांगते हैं।
सोशल मीडिया पर इस घटना पर लोग काफी नाराज दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे पागलपन बताया तो कुछ ने इसे भद्दा मजाक करार दिया।