अमेरिकी हमले में परमाणु साइट्स को कितना हुआ नुकसान, क्या बोला ईरान?
ईरान ने कहा कि इस्फहान, फोर्दो, नतांज और अन्य परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिका के हमले के बाद विकिरण के कोई संकेत नहीं मिले
Publish Date: Sun, 22 Jun 2025 (08:58 IST)
Updated Date: Sun, 22 Jun 2025 (09:32 IST)
US attacks Iran nuclear Plants : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा परमाणु केन्द्रों पर अमेरिकी हमले की घोषणा के बाद ईरान की परमाणु एजेंसी ने रविवार को पुष्टि की कि उसके फोर्डो, इस्फहान और नतांज परमाणु केन्द्रों पर हमले हुए हैं। ईरान ने स्वीकार किया है कि इन हमलों में उसकी न्यूक्लियर साइट्स को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। हालांकि
ईरान ने कहा कि इस्फहान, फोर्दो, नतांज और अन्य परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिका के हमले के बाद विकिरण के कोई संकेत नहीं मिले। ALSO READ: ईरान के 3 परमाणु साइट्स पर अमेरिका का हमला, 30 टॉमहॉक मिसाइलों का इस्तेमाल
ईरान की सरकारी मीडिया ने देश के राष्ट्रीय परमाणु सुरक्षा प्रणाली केन्द्र के बयान का हवाला देते हुए खबर दी है कि विकिरण का पता लगाने वाले उपकरणों ने हमलों के बाद कोई रेडियोधर्मी उत्सर्जन नहीं पाया। बयान में कहा गया है कि इन स्थलों के आसपास रहने वाले निवासियों को कोई खतरा नहीं है।
इससे पहले ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने एक बयान जारी कर कहा कि ईरान का परमाणु ऊर्जा संगठन राष्ट्र को आश्वासन देता है कि अपने दुश्मनों की बुरी साजिशों के बावजूद वह अपने हजारों क्रांतिकारी और प्रतिबद्ध वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों के प्रयासों से उठ खड़ा होगा।
इससे पहले ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने अपनी एक खबर में देश के फोर्डो परमाणु केन्द्र पर हमले की बात स्वीकार की थी। समाचार एजेंसी ने कहा कि हमलों में इस्फहान और नतांज परमाणु केन्द्र को निशाना बनाया गया। इरना ने इस्फहान में सुरक्षा मामलों के प्रभारी उप-गवर्नर अकबर सालेही के हवाले से कहा कि परमाणु केन्द्रों के आसपास हमले हुए हैं। हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
ईरान की अर्द्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने कोम में एक प्रांतीय अधिकारी के हवाले से कहा कि हवाई सुरक्षा ने फोर्डो परमाणु केन्द्र के आसपास के क्षेत्र को निशाना बनाकर किए गए हमले के जबाव में हमला किया। हालांकि एजेंसी ने कोई अन्य जानकारी नहीं दी। माना जाता है कि समाचार एजेंसी तस्नीम देश के अर्द्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के पक्ष वाली है। समाचार एजेंसी फार्स ने एक अन्य अधिकारी के हवाले से कहा कि इस्फहान के पास गोलीबारी और विस्फोटों की आवाज़ सुनी गई।
ट्रंप की ईरान को चेतावनी : इधर परमाणु केंद्रों को तबाह करने के बाद ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने पलटवार के बारे में सोचा तो उसे अंजाम भुगतना होगा। भविष्य के हमले और ज्यादा घातक होंगे।
क्या बोले UN महासचिव : संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने कहा है कि वह ईरान के परमाणु केन्द्रों पर अमेरिका के बम हमलों से बेहद चिंतित हैं। गुतारेस ने एक बयान में कहा कि इस बात का जोखिम है कि यह संघर्ष तेजी से नियंत्रण से बाहर हो सकता है जिसके नागरिकों, क्षेत्र और दुनिया के लिए विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस जोखिम भरे वक्त में यह अहम है कि हम अराजकता के चक्र से बचें। संयुक्त राष्ट्र महासचिव मुद्दे के कूटनीतिक समाधान का आह्वान किया।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writter
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।वेबदुनिया रिसर्च टीम....