Publish Date: Fri, 27 Oct 2017 (10:32 IST)
Updated Date: Fri, 27 Oct 2017 (10:40 IST)
सोल। उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार कार्यक्रम के खतरों के बीच पेंटागन प्रमुख जिम मैटिस दक्षिण कोरिया के शीर्ष रक्षा अधिकारियों और अमेरिकी सैन्य कमांडरों से मिलने शुक्रवार को यहां पहुंचे।
मैटिस ट्रंप प्रशासन द्वारा समस्या के कूटनीतिक समाधान पर बल देने की बात पर जोर देते रहे हैं लेकिन उन्होंने यह भी कहा है कि अगर उत्तर कोरिया अपने परमाणु कार्यक्रम पर रोक नहीं लगाता तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई के लिए भी तैयार है।
इन परमाणु कार्यक्रम के तहत उत्तर कोरिया ऐसी मिसाइलें विकसित कर रहा है, जो संभवत: परमाणु आयुध के साथ अमेरिका को निशाना बना सकती हैं। रक्षामंत्री बनने के बाद मैटिस की यह अमेरिकी सहयोगी देश में दूसरी यात्रा है। मैटिस यहां कोरियाई प्रायद्वीप में रक्षा मसलों पर वार्षिक परामर्श के लिए दक्षिण कोरियाई अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
उनके साथ यहां अमेरिका के 'ज्वॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ' जनरल जोफेस डनफोर्ड भी मौजूद रहेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अगले माह दक्षिण कोरिया के दौरे पर जाएंगे। (भाषा)