लंदन। लंदन पुलिस ने ब्रिटेन की राजधानी में कैरेबियाई संस्कृति के सालाना आयोजन 'नॉटिंग हिल कार्निवल' में छिटपुट हिंसा के बीच 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शनिवार को खबर दी कि पश्चिमी लंदन में 2 दिवसीय महोत्सव के पहले दिन चाकू के हमले की कम से कम 4 घटनाएं हुईं। उन्होंने बताया कि हमले में 15 से 20 साल की उम्र के 4 लड़के घायल हुए हैं और 15 साल के 1 लड़के को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार के आयोजन में बच्चों पर केंद्रित एक रंगारंग परेड पश्चिमी लंदन से होकर गुजरी जिसमें हजारों लोग ड्रम और बैंड की धुन पर थिरकते हुए सड़कों से गुजर रहे थे। परेड के दौरान घायलों या अल्कोहल अथवा ड्रग के सेवन से बीमार होने वालों की देखरेख के लिए कई पैरामेडिक्स मौजूद थे और कुछ जगहों पर सड़कों के किनारे इलाज के लिए चिकित्सीय बिस्तरों की व्यवस्था थी।
आधी रात से कुछ पहले लंदन एम्बुलेंस सर्विस ने बताया कि कार्निवल के दौरान 411 लोगों का इलाज किया गया जिनमें से 77 को अस्पताल भेजना पड़ा। पुलिस ने बताया कि 105 लोगों को मादक पदार्थ, हथियार आदि रखने, हमला करने, यौन अपराधों और चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
वर्ष 1958 में नॉटिंग हिल नस्ली दंगों के बाद वेस्ट इंडियन प्रवासियों ने 1966 से इस कार्निवल की शुरुआत की थी। इसमें अक्सर लोगों की पुलिस के साथ झड़प होती है। (भाषा)