Publish Date: Sun, 03 Mar 2019 (17:58 IST)
Updated Date: Sun, 03 Mar 2019 (19:40 IST)
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मूसलधार बारिश और हिमपात के कारण कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए हैं।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। ये लोग या तो करंट की चपेट में आकर या मकानों के ढहने के कारण उनके मलबों में दबकर मारे गए। भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में कई मकान और दुकान बह गए।
बाढ़ की वजह से सड़कें और रेल की पटरियां भी पानी में डूब गईं जिससे सड़क और रेल परिवहन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मकानों के ढह जाने के कारण बड़ी संख्या में लोग खुले में रहने के लिए मजबूर हैं। प्रशासन ने कई जिलों में बाढ़ की चेतावनी जारी कर रखी है।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री जाम कमाल खान ने सरकारी इमारतों को आश्रयगृहों में तब्दील करने का निर्देश दिया है ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को आसरा मिल सके। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष से मुलाकात कर सड़कों को जल्द से जल्द साफ कराने को कहा ताकि यातायात बहाल हो सके।
प्रांतीय सरकार ने बारिश और हिमपात प्रभावित इलाके के लोगों को आश्रयगृहों में जाने का निर्देश दिया है।
इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार तक बारिश और हिमपात जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। (वार्ता)