Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

श्रीलंका में आपातकाल हटा

हमें फॉलो करें श्रीलंका में आपातकाल हटा
कोलंबो , सोमवार, 19 मार्च 2018 (12:13 IST)
कोलंबो। श्रीलंका में मुस्लिम समुदायों के खिलाफ हुई हिंसा के बाद छह मार्च को लगाए गए आपातकाल को हटा लिया गया है। राष्ट्रपति मैत्रिपाल सिरीसेना ने ट्वीट कर आपातकाल हटाने की घोषणा की। उन्होंने ट्वीट किया कि लोगों की सुरक्षा का आकलन करने के बाद उन्होंने रविवार आधी रात से आपातकाल हटाने का निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि कैंडी जिले में हुई हिंसा में दो लोग मारे गए थे जबकि मुस्लिमों के करीब 450 घरों और दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इस दौरान 60 वाहनों को जलाया भी गया था। तनाव को कम करने के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध और कर्फ़्यू लगाया गया था।

बौद्ध बहुसंख्यक आबादी वाले देश में अल्पसंख्यक मुसलमानों के खिलाफ हिंसा की शुरुआत 2012 से हुई थी। कहा जाता है कि इसे कट्टर बौद्ध समूहों ने हवा दी थी। बौद्धों का आरोप है कि मुस्लिम ज़बरदस्ती लोगों का इस्लाम में धर्मांतरण करा रहे हैं और बौद्ध पुरातात्विक स्थलों को तबाह कर रहे हैं। हिंसक घटनाओं के दौरान दर्जनों मुस्लिम धार्मिक स्थलों को भी नुकसान पहुंचाया गया है।

श्रीलंकाई पुलिस ने अब तक 300 लोगों को गिरफ़्तार किया है जिसमें हिंसा भड़काने के संदिग्ध एक कट्टर बौद्ध संगठन के नेता भी शामिल हैं। आपातकाल के दौरान श्रीलंका प्रशासन किसी संदिग्ध को लंबे समय तक गिरफ़्तार करने और हिरासत में रखने में सक्षम था।

हज़ारों सैनिकों को कैंडी क्षेत्र में तैनात किया गया था। विभिन्न समूहों ने कैंडी में कर्फ़्यू के खिलाफ प्रदर्शन किया था जिसके खिलाफ आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे। फेसबुक समेत विभिन्न सोशल मीडिया वेबसाइट पर लगा प्रतिबंध भी इस हफ़्ते पहले ही हटा लिया गया था। सात वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है जब श्रीलंका ने आपातकाल की घोषणा की। देश में कोई तीन दशकों तक तमिल विद्रोहियों के साथ सरकार को गृह युद्ध का सामना करना पड़ा जो 2009 में जाकर समाप्त हुआ। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

साइबर हमले के खतरे को देखते हुए ब्रिटेन में हाई अलर्ट