Publish Date: Sun, 12 Dec 2021 (08:11 IST)
Updated Date: Sun, 12 Dec 2021 (08:28 IST)
मेफील्ड। अमेरिका में केंटुकी में चक्रवातों और खराब मौसम के कारण कम से कम 5 राज्यों की 10 से ज्यादा काउंटियों में भारी तबाही हुई। राज्य में कम से कम 100 लोगों की मौत होने की आशंका है और मृतकों की संख्या बढ़ रही है।
गवर्नर एंडी बेशिर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंटुकी में 200 मील से अधिक के क्षेत्र में चक्रवात आया। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि यह हमारे राज्य के इतिहास में सबसे विनाशकारी बवंडर है।
मेफील्ड में सबसे ज्यादा तबाही : चक्रवात की वजह से सबसे ज्यादा तबाही मेफील्ड में हुई। राष्ट्रीय गार्ड के सदस्य और राज्य भर के आपात कर्मी खोज एवं बचाव अभियान में मदद करने के लिए मेफील्ड पहुंच रहे हैं।
चक्रवात की चपेट में नर्सिंग होम : बेशिर ने कहा कि मेफील्ड में मोमबत्ती बनाने की एक फैक्टरी, इलिनोइस में एक अमेजन कार्यालय और अरकंसास में एक नर्सिंग होम भी चक्रवात की चपेट में आ गए। चक्रवात के समय मेफील्ड फैक्टरी में करीब 110 लोग मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है और उनके राज्य की मुहलेनबर्ग काउंटी में कम से कम 10 लोगों के मरने की आशंका है तथा बाउलिंग ग्रीन शहर में और उसके आसपास भी अज्ञात संख्या में लोगों की मौत होने की आशंका है।
कई इमारतें क्षतिग्रस्त : मेफील्ड के मुख्य दमकल केंद्र और आपात सेवा केंद्र के चक्रवात की चपेट में आने के कारण बचाव प्रयास जटिल हो गए हैं। शहर में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
बाइडन ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा : अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने शनिवार को ट्वीट किया कि उन्हें स्थिति पर जानकारी दी गयी है। उन्होंने प्रभावित राज्यों को लोगों की तलाश और नुकसान का आकलन जारी रखने के लिए हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।