धमाकों से दहला पाक: पहले क्रिश्चियन कॉलोनी, फिर कोर्ट में हमला...

Webdunia
शुक्रवार, 2 सितम्बर 2016 (09:31 IST)
पेशावर। पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के मरदान में जिला अदालत में एक आत्मघाती हमलावर द्वारा भीड़ को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में शुक्रवार को 12 लोग मारे गए और 52 अन्य घायल हो गए। इससे कुछ ही घंटे पहले सुरक्षा बलों ने अशांत खबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर में ईसाई कॉलोनी में घुसने का प्रयास करते 4 आत्मघाती हमलावरों को मार गिराया था।


हमलावर ने मरदान जिला अदालत के मुख्य गेट पर सुबह के समय एकत्र हुए लोगों को निशाना बनाते हुए खुद को विस्फोट से उड़ाने से पूर्व हथगोला फेंका था।
 
मरदान के मुख्य बचाव अधिकारी हैरिस हबीब ने बताया कि पहले एक छोटा विस्फोट हुआ और उसके बाद बड़ा विस्फोट हुआ। 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' ने हबीब के हवाले से बताया कि अभी तक हमें वकीलों, पुलिसकर्मियों और नागरिकों के 12 शव मिले हैं। 
 
इसके अतिरिक्त हमने वकीलों, पुलिसकर्मियों और नागरिकों सहित घटनास्थल से 52 घायल लोगों को बचाया है। घायलों को समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है और समीप के सभी क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
 
पाकिस्तान की अदालतों और वकील समुदाय को निशाना बनाकर किया गया यह दूसरा हमला है। पिछले महीने दक्षिणी बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में ऐसे ही एक विस्फोट में 70 से अधिक लोग मारे गए थे। इस हमले में एक प्रकार से शहर के वरिष्ठ वकीलों की एक पीढ़ी करीब-करीब समाप्त हो गई थी।
 
शुक्रवार को अदालत पर हुए आत्मघाती हमले से कुछ ही घंटे पूर्व भारी हथियारों से लैस आत्मघाती हमलावरों ने पेशावर में एक ईसाई कॉलोनी में घुसने का प्रयास किया और सुरक्षा बलों द्वारा मार गिराए जाने से पूर्व उन्होंने एक व्यक्ति की हत्या कर दी और कई अन्य को घायल कर दिया। 
 
इसी प्रांत में तड़के किए गए हमले में आतंकवादी पेशावर के उत्तर में वारसाक डैम के समीप कॉलोनी में घुसे और एक ईसाई सुरक्षा गार्ड को मार दिया। सैन्य हेलीकॉप्टरों की मदद से सैनिक घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनकी आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ के दौरान चारों आतंकवादी मारे गए।
 
इस हमले में फ्रंटियर कोर के 2 सुरक्षाकर्मी, 1 पुलिसकर्मी और 2 असैन्य गार्ड घायल हो गए। इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा ने ट्विट किया कि चारों आतंकवादी मारे गए हैं।
 
बाजवा ने बताया कि आतंकवादियों ने वारसाक रोड पर पेशावर में क्रिश्चियन कॉलोनी पर हमला किया। सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई की। चारों आत्मघाती हमलावर मारे गए। मामले में खोजबीन जारी है। 2 हमलावरों ने अपने आत्मघाती जैकेटों में विस्फोट किया जबकि 2 अन्य को सुरक्षा बलों ने मार गिराया।
 
किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन इस प्रकार के हमले तालिबान करता है। तालिबान के एक आत्मघाती हमलावर ने इस साल ईस्टर पर लाहौर में ईसाइयों को निशाना बनाया था जिसमें 70 से अधिक लोग मारे गए थे।
 
दिसंबर 2014 में तालिबान आतंकवादियों ने पेशावर में एक सैन्य स्कूल पर हमला कर 150 से अधिक लोगों को मार डाला था जिनमें अधिकतर बच्चे थे। यह पाकिस्तान में हुआ सर्वाधिक भीषण हमला था।
 
शुक्रवार के हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब एक दिन पहले ही सैन्य प्रवक्ता ने कहा था कि पाकिस्तान ने अपनी धरती पर आतंकवादियों की संगठित मौजूदगी को नष्ट कर दिया है। सेना ने देश के अशांत कबीलाई इलाकों से आतंकवादियों का सफाया करने के लिए जून 2014 में ऑपरेशन ‘जर्ब-ए-अज्ब’ चलाया था। (भाषा)
Show comments

जरूर पढ़ें

Indore में हेलमेट पर cctv कैमरा लगाकर घूम रहा राजू, चौंका देगी पूरी कहानी

भारतीय कर रहे ज्‍यादा नमक का सेवन, इन बीमारियों का बढ़ रहा खतरा, ICMR रिपोर्ट में हुआ खुलासा

Bihar polls: तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग के 'सूत्र' को बताया 'मूत्र', बयान पर मचा बवाल

Imran Khan : क्‍या जेल से रिहा होंगे इमरान खान, PTI पार्टी ने शुरू किया आंदोलन

Uttarakhand में क्यों पड़ी ‘ऑपरेशन कालनेमि’ की जरूरत? अब CM पुष्कर सिंह धामी ने खुद दिया जवाब

सभी देखें

नवीनतम

एल्विश यादव के दोस्त राहुल हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग

PM मोदी से मिले CM पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड के विकास कार्यों की जानकारी दी

Shubhanshu Shukla की वापसी पर मंत्री जितेंद्र सिंह बोले- शुभांशु आपका स्वागत है, देश बेसब्री से इंतजार कर रहा

Silver Price : चांदी के भावों में रिकॉर्ड तेजी, 1 किलो चांदी का भाव पहुंचा 1,15,000 रुपए

केन्स इलेक्ट्रॉनिक्स भोपाल में लगाएगी 352 करोड़ से इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण इकाई

अगला लेख