Publish Date: Fri, 02 Feb 2018 (09:36 IST)
Updated Date: Fri, 02 Feb 2018 (09:39 IST)
वाशिंगटन। अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार पर आरोप लगाया कि वर्ष 2013 में हुए समझौते के बावजूद वे नये तरीके के रासायनिक हथियार बना रहे हैं और उसका प्रयोग कर रहे हैं। अमेरिका ने दुनिया के अन्य देशों से इस पर रोक लगाने के तरीके खोजने की बात कही है।
प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमलों के खिलाफ अतिरिक्त सैन्य कार्रवाई और असद को सजा देने की बात से इनकार नहीं किया है।
उन्होंने जोर दिया कि अमेरिका रासायनिक हथियारों का प्रयोग करने वालों को जवाबदेह ठहराने के लिए नये तरीके तलाश रहा है और इस दिशा में वह रूस और असद का संरक्षण करने वालों से सहयोग चाहता है ताकि ऐसे हमले बंद करने के लिए दबाव बनाया जा सके।
अमेरिकी अधिकारियों ने इस खतरे के संबंध में चेतावनी देते हुए कहा कि संभवत: वर्ष 2013 के समझौते के बाद भी असद ने रासायनिक हथियारों का एक जखीरा छुपा कर रखा होगा और उसकी सूचना नहीं दी होगी। हाल में हुए कथित हमलों के बाद जुटायी गयी जानकारी से ऐसा लगता है कि 2013 के बाद भी असद के पास रासायनिक हथियारों की निर्माण क्षमता बरकरार रही, जबकि समझौते के तहत ऐसा करने पर प्रतिबंध था। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Fri, 02 Feb 2018 (09:36 IST)
Updated Date: Fri, 02 Feb 2018 (09:39 IST)