Publish Date: Tue, 03 Nov 2020 (13:59 IST)
Updated Date: Tue, 03 Nov 2020 (14:02 IST)
ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना में सोमवार को आतंकी हमला हो गया। यहां करीब छह जगहों पर गोलीबारी की गई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और करीब 15 लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक शहर की एक सड़क पर रात 8 बजे के बाद कई गोलियां चलाई गईं। इसे मुंबई के 26/11 हमले की तर्ज पर किया गया हमला बताया जा रहा है।
लेकिन क्या आप जानते हैं ऑस्ट्रिया के जिस विएना शहर पर हमला किया गया, वो किस वजह से जाना जाता है और कितना सुंदर है।
आइए जानते है इस खूबसूरत शहर विएना के बारे में।
दरअसल, ऑस्ट्रिया अल्पाइन स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग, और स्नोवशोइंग जैसे बर्फ के खेल के लिए जाना जाता है। यह एक लैंडलॉक देश है, ऑस्ट्रिया में समुद्र तटों के साथ कई खूबसूरत झीलें हैं। इस देश के लोगों की लाइफस्टाइल काफी हाई है। संयुक्त परिवार हैं और काफी मौज-मस्ती वाले लोग हैं।
ऑस्ट्रियाई लोगों के लिए घर में सफाई और ख़ुशबू का काफी महत्व है। यहां के लोग काफी ट्रेडिशनल हैं, लेकिन दोस्ताना भी हैं।
करीब दो साल पहले 'द इकॉनोमिस्ट' ने दुनिया के 140 शहरों का सर्वे करके ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना को रहने के लिए सबसे बेहतरीन शहर बताया था।
विएना खासतौर से ऑपरा, कॉफी हाउस और चॉकलेट केक के लिए मशहूर है।
विएना में करीब 60 फीसदी लोगों के पास सस्ते और अच्छे मकान है। यहां की हाउसिंग पॉलिसी में सब्सिडी पर मकान उपलब्ध कराए जाते हैं जो लंदन, पेरिस, ज्यूरिख जैसे तमाम यूरोपीय शहरों से काफी सस्ता है। यहां एक साल का ट्रांसपोर्ट पास महज 1 यूरो में मिल जाएगा। पानी की सप्लाई आल्प्स से सीधे शहर को की जाती है।
यहां छोटी से छोटी जरूरत तो पूरा करने के लिए प्रशासन तैयार रहता है। कुछ साल पहले पालतू कुत्तों ने गंदगी फैलाई तो प्रशासन ने 450 लोगों की नियुक्ति की जो मालिकों पर नजर रखते थे और सड़कों पर साफ-सफाई दुरुस्त रखने के लिए कहते थे। अगर आपको राह चलते स्ट्रीट लाइट टूटी हुई मिले तो बस एक कॉल करें और मिनटों में इसे सही कर दिया जाएगा।
अगर आप दिनभर बाहर हैं और बच्चों को किसी के भरोसे छोड़ना है तो यहां डे केयर सेंटर की सुविधा है। माता-पिता को सिर्फ बच्चों के खाने का पेमेंट करना होता है और बाकि सुविधा मुफ्त की होती है। रोजाना करीब 80 हजार बच्चे डे केयर सेंटर जाते हैं। यहां पर पार्क, प्लेग्राउंड और स्वीमिंग पूल है जहां बच्चों की एक्टिविटीज होती रहती है।
मेट्रोपॉलिटन शहर होने के बाद भी विएना प्रकृति की गोद में बसा हुआ है। यहां कई जगह अंगूर के बाग देखने को मिल जाएंगे। लोगों ने अपने घरों के नजदीक अंगूर लगाने की इजाजत दी हुई है। यहां आने वाले पर्यटकों को वाइन और लजीज खाना वर्षों तक याद रहता है। शहर से कुछ दूर ही जंगल और डेन्यूब नदी है जहां लोग वीकेंड गुजारने जाते हैं।
यूं तो विएना कॉफी के लिए मशहूर है, लेकिन यहां की आइसक्रीम का भी जवाब नहीं है। श्वेडप्लाट्ज स्क्वॉयर पर आइक्रीम की कई दुकानें हैं। यहां के कई आइक्रीम पॉर्लर्स को इतावली परिवार चलाते हैं, जिनके पास सीक्रेट रेसिपी है। तो अगली बार अगर आप यहां आए तो गर्म कॉफी पिएं और ठंडी आइसक्रीम का भी लुत्फ उठाएं। अगर आप दुनिया में कहीं और घर बसाने का इरादा रखते हैं तो ऑस्ट्रिया का विएना दुनिया का सबसे सुंदर शहर माना जाता है।