IPL 10 : मुंबई इंडियन्स बना आईपीएल का 'बाहुबली'

Webdunia
सोमवार, 22 मई 2017 (00:15 IST)
हैदराबाद। तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन के कमाल के आखिरी ओवर से मुंबई इंडियंस ने सांसों को रोक देने वाले बेहद रोमांचक फाइनल में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स को रविवार को मात्र एक रन से पराजित कर आईपीएल 10 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया। मुंबई ने इस तरह तीसरी बार आईपीएल खिताब जीतकर इतिहास बना दिया और वह तीन बार यह खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई। 
 
मुम्बई ने आठ विकेट पर 129 रन का मामूली स्कोर बनाने के बावजूद पुणे को छ: विकेट पर 128 रन पर थामकर खिताब अपने नाम किया। पुणे के पास अपने पहले फाइनल में चैंपियन बनने का पूरा मौका था, लेकिन उसने आखिरी दो ओवरों में इस मौके को गंवा दिया। जॉनसन ने अंतिम ओवर में मनोज तिवारी और पुणे के कप्तान स्टीवन स्मिथ (51) का विकेट लेकर पुणे का सपना तोड़ दिया। 
 
मुंबई के हाथ से तीसरी बार चैंपियन बनने का मौका निकलता जा रहा था, लेकिन उसने शानदार वापसी करते हुए पुणे को अंतिम दो ओवरों में थाम दिया। पुणे को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 23 रन चाहिए थे। जसप्रीत बुमराह ने 19वें ओवर की पहली चार गेंदों पर एक-एक रन दिया।
स्मिथ ने पांचवीं गेंद पर शानदार छक्का जड़ा और छठी गेंद पर दो रन ले लिए। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज जॉनसन को आखिरी ओवर थमाया। मनोज तिवारी ने जानॅसन की पहली गेंद पर चौका जड़ा लेकिन अगली गेंद पर वह लांग आन पर कीरोन पोलार्ड को कैच थमा बैठे। जॉनसन ने तीसरी गेंद पर स्मिथ को स्वीपर कवर पर अंबाटी रायुडू के हाथों कैच करा दिया।
 
स्मिथ ने 50 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही पुणे को झटका भी लग गया। चौथी गेंद पर एक रन और पांचवी गेंद पर दो रन बने। आखिरी गेंद पर पुणे को चौका चाहिए था। लेकिन डेनियल क्रिस्टियन दो रन लेने के बाद तीसरे रन की कोशिश में रन आउट हो गए और मुंबई तीसरी बार आईपीएल चैंपियन बन गई।  
 
क्रिस्टियन के रन आउट होते ही पूरा मुंबई खेमा मैदान में दौड़ पड़ा। रोहित के चेहरे की खुशी और बाकी खिलाड़ियों को हर्षोल्लास देखने लायक था। उन्होंने हार के जबड़े से खिताब को छीन लिया। मुंबई को इस जीत से 15 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि मिली जबकि पुणे को 10 करोड़ रुपए से संतोष करना पड़ा। मुंबई ने इससे पहले 2013 और 2015 में यह खिताब जीता था।  
     
   
ऑस्ट्रेलिया के स्टीवन स्मिथ फाइनल में इस कदर मिली नजदीकी हार से निराशा के सागर में डूब गए। पूरा पुणे खेमा ही सदमे था कि आखिरी उनके हाथ से जीत कैसे निकल गई। पुणे ने पहले क्वालिफायर में मुम्बई को 20 रन से हराया था। लेकिन फाइनल मुम्बई ने उस हार का बदला चुका लिया।
          
पुणे के सामने लक्ष्य हालांकि बड़ा नहीं था लेकिन उसके बल्लेबाजों ने बड़ी सावधानी से खेलते हुए मुकाबले को अंत तक रोमांचक बना दिया और इसी चक्कर में उनके हाथ से खिताब जीतने का मौका निकल गया। पुणे ने यदि अपनी रन गति ठीक रखी होती तो आज वह चैंपियन बन जाते। 
          
ओपनर अंजिक्य रहाणे ने 38 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 44 रन की शानदार पारी खेली। रहाणे ने कप्तान स्टीवन स्मिथ के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। राहुल त्रिपाठी (3) के तीसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर पगबाधा होने के बाद रहाणे और स्मिथ ने पुणे की पारी को संभाला।
           
रहाणे 12वें ओवर में मिशेल जॉनसन की गेंद पर किरोन पोलार्ड को कैच थमा बैठे। उनका विकेट 71 के स्कोर पर गिरा। पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 13 गेंदों में एक चौके की मदद से 10 रन बनाये। बुमराह ने धोनी को विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों कैच कराया। धोनी का विकेट 17वें ओवर में 98 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद स्मिथ अपने अर्धशतक के बावजूद टीम को खिताब की मंजिल पर नहीं ले जा सके। 
          
जॉनसन ने 26 रन पर तीन विकेट और बुमराह ने 26 रन पर दो विकेट लेकर एक समय असंभव लग रही जीत मुंबई की झोली में डाल दिया। मुंबई के मेंटर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने इस जीत कर अद्भुत बताया। पहली बार फाइनल में पहुंचे राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने शानदार गेंदबाजी और जबरदस्त फील्डिंग का नमूना पेश करते हुए मुंबई इंडियंस की मजबूत बल्लेबाजी को आठ विकेट पर 129 रन पर रोका था लेकिन उसके बल्लेबाज इस लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाए। 
         
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने तीसरे ओवर में पार्थिव पटेल और लेंडल सिमंस के विकेट लेकर मुंबई को झकझोर दिया। पटेल ने तीन और सिमंस ने चार रन बनाए। अंबाटी रायुडू 12 रन बनाकर पुणे के कप्तान स्टीवन स्मिथ के थ्रो पर रन आउट हो गए। चौथे नंबर पर खेलने उतरे रोहित ने 22 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 24 रन बनाए लेकिन ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर एडम जम्पा ने रोहित का विकेट ले लिया। 
                 
कीरोन पोलार्ड सात रन बनाकर जम्पा का दूसरा शिकार बन गए। हार्दिक पांड्या 10 रन बनाकर डेनियल क्रिस्टियन की गेंद पर पगबाधा हो गए। कर्ण शर्मा एक रन बनाकर रन आउट हो गए। क्रुणाल पांड्या ने 38 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 47 रन बनाकर मुंबई को 129 के स्कोर तक पहुंचाया। मिशेल जॉनसन 13 रन बनाकर नाबाद रहे। उनादकट ने 19 रन पर दो विकेट, जम्पा ने 32 रन पर दो विकेट और क्रिस्टियन ने 34 रन पर दो विकेट लिए। 
Show comments

रोहित और कोहली का T20I टीम में चयन क्या विश्व कप में भारत को भारी पड़ेगा?

लक्ष्य और चिराग को भारतीय टीम में जगह मिलने से सेन परिवार में खुशी का माहौल

क्या विराट और रोहित दिखेंगे सलामी बल्लेबाजी करते हुए? यह 5 सवाल उठे

धोनी के हस्ताक्षर वाली टीशर्ट आज भी दिल के करीब संजोकर रखी है सुनील गावस्कर ने

तुम लोग कुछ भी कहो, मैं नहीं रुकने वाला

archery cup : भारतीय पुरुष और महिला कंपाउंड टीमों ने तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीता

विश्व रिकॉर्ड पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने केकेआर को हराया

IPL 2024: RR vs LSG का मैच होगा धमाकेदार, दोनों ही टीम हैं दमदार

ICC T20I World Cup के Brand Ambassador बने ऑलराउंडर युवराज सिंह

क्या 2003 के विश्वकप फाइनल में रिकी पोंटिंग के बल्ले में था स्प्रिंग? वीडियो हुआ वायरल

अगला लेख