Publish Date: Fri, 19 Apr 2019 (01:09 IST)
Updated Date: Fri, 19 Apr 2019 (01:11 IST)
नई दिल्ली। फिरोजशाह कोटला मैदान पर गुरुवार को आईपीएल के दिलचस्प मुकाबले में देश की दो राजधानियों की टक्कर थी। दिल्ली राजनीति की राजधानी थी तो मुंबई औद्योगिक जगत की राजधानी। इस रोचक टक्कर में मुंबई ने 40 रनों से बाजी मारी। मुंबई इंडियंस की जीत की 5 खास बातें...
1. रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने सिक्का जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 168 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली की टीम 9 विकेट खोकर 128 रन ही बना सकी। स्लॉग ओवरों में मुंबई के पांड्या बंधुओं का राज रहा। क्रुणाल पांड्या ने नाबाद 37 रन बनाए तो हार्दिक ने 15 गेंदों पर 3 छक्कों व 2 चौकों के साथ 32 रनों की तेज पारी खेली।
2. रोहित शर्मा और डी कॉक ने लगातार तीसरे मैच में ओपनिंग साझेदारी में 50 रन जोड़े। मिश्रा ने शानदार लेग ब्रेक से रोहित को बोल्ड कर दिया और आईपीएल में अपने 150 विकेट पूरे किए। आईपीएल में यह छठा मौका था, जब रोहित शर्मा अमित मिश्रा की स्पिन के जाल में उझलकर अपना विकेट खो बैठे थे। दिल्ली की गेंदबाजी में मिश्रा की यह सर्वश्रेष्ठ बॉल थी।
3. मुंबई इंडियंस की टीम ने इस मैच में क्रिकेट की तीनों विधाओं (बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण) में दिल्ली कैपिटल्स को जिस तरह धराशायी किया, वह देखते ही बनता था। मुंबई के बल्लेबाजों ने 6 छक्के उड़ाए जबकि दिल्ली की ओर से 3 छक्के लगाए गए।
4. फिरोजशाह कोटला की धीमी विकेट पर मुंबई के तेज गेंदबाजों ने जिस तरह से दिल्ली के बल्लेबाजों को बेहतरीन गेंदों पर बोल्ड किया, वह देखते ही बनता था। राहुल चाहर ने पूरे मैच की सबसे बेहतरीन गेंद पर दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर को 3 रनों पर बोल्ड किया। चाहर ने 4 ओवर में 3 विकेट लिए। श्रेयस के अलावा चाहर के शिकार बने शिखर धवन (35) और पृथ्वी शॉ (20)।
5. मुंबई की जीत में जसप्रीत बुमराह का योगदान भी रहा, जिन्होंने 4 ओवर में 18 रन की कीमत पर 2 विकेट लेने के अलावा दिल्ली के धुरंधर बल्लेबाज कीमो पॉल को 0 पर रन आउट किया। दिल्ली ने मुंबई को उसी के घर में जाकर हराया था लेकिन इस मैच में मुंबई ने दिल्ली को उसी के घर में हराकर हिसाब चुकता कर लिया। दोनों टीमों के बीच अब तक 24 मैच खेले गए हैं। मुंबई ने 12 और दिल्ली 12 मैच जीतकर बराबरी पर आ गए हैं।
webdunia
Publish Date: Fri, 19 Apr 2019 (01:09 IST)
Updated Date: Fri, 19 Apr 2019 (01:11 IST)