Publish Date: Sat, 09 Aug 2025 (09:58 IST)
Updated Date: Sat, 09 Aug 2025 (10:05 IST)
Kulgam Encounter : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों के साथ रातभर हुई मुठभेड़ में सेना के 2 जवान शहीद हो गए और 2 घायल हो गए। यह मुठभेड़ शनिवार को नौवें दिन भी जारी है और घाटी में सबसे लंबे आतंकवाद रोधी अभियानों में से एक है।
सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में चिनार कोर देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों, लांस नायक प्रीतपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह को श्रद्धांजलि आपर्ति करती है। उनका साहस और समर्पण हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा। सेना ने कहा कि वह शोकसंतप्त परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ी है। अभियान जारी है।
दक्षिण कश्मीर जिले के अखल में एक जंगल में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद एक अगस्त को सुरक्षाबलों ने घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया था। मुठभेड़ में अब तक 2 आतंकवादी मारे जा चुके हैं। मारे गए आतंकवादियों की पहचान और उनके समूह का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अधिकारियों ने बताया कि रातभर हुई गोलीबारी में 2 अन्य जवान घायल हो गए, जिससे घायल सुरक्षाबलों के जवानों की संख्या 9 हो गई।
जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात और सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस और सैन्य अधिकारी चौबीसों घंटे अभियान पर कड़ी नजर रख रहे हैं।
सुरक्षाबलों ने दुर्गम वन क्षेत्र में आतंकवादियों का पता लगाने के लिए ड्रोन और हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया है तथा पैरा कमांडो भी छिपे हुए आतंकवादियों को मार गिराने में सुरक्षाबलों की मदद कर रहे हैं।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें