आखिरी गेंद पर पंजाब ने चार्जर्स को किया 'फ्यूज'

Webdunia
सोमवार, 14 मई 2012 (00:36 IST)
FILE
कप्तान डेविड हसी के नाबाद अर्धशतक और आखिरी ओवर में गुरकीरत सिंह की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर किंग्स इलेवन पंजाब ने आईपीएल के अहम मुकाबले में डेक्कन चार्जर्स को चार विकेट से हरा दिया।

जीत के लिए 191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब को 13 गेंदों में 32, 9 गेंदों में 21 और 6 गेदों में 16 रन बनाने थे। गुरकीरत ने डेल स्टेन को 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़ा। इसके बाद आखिरी ओवर में मनप्रीत गोनी को एक छक्का और दो चौके लगाकर पंजाब को जरूरी जीत दिलाई।

पंजाब की रोमांचक जीत का अंदाज यहीं से लगाया जा सकता है कि जीत के ‍‍लिए उसे 4 गेंदों में 13, 3 गेंदों में 7, 2 गेंद में 3 और अंतिम गेंद पर 1 रन चाहिए था। स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया था और जैसे ही अंतिम गेंद पर चौका लगा, किंग्स के खिलाड़ी झूमते हुए मैदान में पहुंच गए। एक कमी खल रही थी कि इस जश्न में टीम मालकिन प्रीति जिंटा गायब थी।

किंग्स इलेवन की तरफ से 'मैन ऑफ मैच' डेविड हसी ने 35 गेंद में नाबाद 65 रन बनाए जिसमें चार चौके और पांच छक्के शामिल थे। वहीं गुरकीरत ने 12 गेंद में चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 29 रन बनाए।

इस जीत के बाद पंजाब के 13 मैचों में 14 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में सातवें स्थान पर है, वहीं डेक्कन 14 मैचों में सिर्फ पांच अंक लेकर सबसे नीचे है। इससे पहले शिखर धवन और कैमरुन व्हाइट के आक्रामक अर्धशतकों के दम पर डेक्कन चार्जर्स ने चार विकेट पर 190 रन बनाए थे।

धवन ने 50 गेंद में 71 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं व्हाइट 41 गेंद में 67 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने आठ चौके और एक छक्का लगाया। डेनियल क्रिस्टियन ने सिर्फ 10 गेंद में 24 रन बनाए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के कप्तान कुमार संगकारा के फैसले को उनके बल्लेबाजों ने सही साबित कर दिखाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की। इससे पहले पार्थिव पटेल और कुमार संगकारा जल्दी आउट हो गए थे।

आईपीएल के मौजूदा सत्र में 400 से अधिक रन बना चुके धवन ने अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए उम्दा बल्लेबाजी की। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाते हुए सिर्फ 36 गेंद में 50 रन पूरे किए। आईपीएल पांच में यह उनका पांचवां अर्धशतक है।

व्हाइट ने भी पंजाब के गेंदबाजों की अच्छी धुनाई की। डेक्कन के 100 रन 12वें ओवर में बन गए। इसके बाद धवन ने परविंदर अवाना को फाइन लेग के उपर छक्का लगाया। रनों का प्रवाह रोकने के लिए पंजाब के कप्तान डेविड हसी ने तेज गेंदबाज रियान हैरिस को फिर गेंद सौंपी लेकिन व्हाइट ने उन्हें भी नहीं बख्शा।

पंजाब के पास वापसी का सुनहरा मौका था जब व्हाइट ने 15वें ओवर में पीयूष चावला की पहली ही गेंद पर खराब शॉट खेला लेकिन लांग ऑफ पर हैरिस ने आसान कैच छोड़ दिया। उस समय व्हाइट ने 34 रन बनाए थे।

चावला ने भी एक्स्ट्रा कवर पर व्हाइट का कैच टपकाया जिस समय उसने अपने स्कोर में सिर्फ तीन रन जोड़े थे। इस मौके पर गेंदबाज अजहर मेहमूद थे। व्हाइट ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए महमूद को मिडविकेट के ऊपर चौका लगाया।

व्हाइट और क्रिस्टियन ने हैरिस और अवाना को छक्के जड़कर स्कोर को आगे बढ़ाया। अवाना ने 19वें ओवर में 20 रन दिए। (भाषा/वेबदुनिया)

Show comments
सभी देखें

ज़रूर पढ़ें

चैंपियन्स टीम इंडिया ने बिना एक टॉस जीते चैंपियन्स ट्रॉफी के सारे मैच जीते

Champions Trophy की सबसे सफल टीम बनी भारत, तीसरी बार झोली में किया खिताब

'मैं कहीं नहीं जा रहा', रोहित शर्मा ने ODI से संन्यास की अटकलों को किया खारिज (Video)

Champions Trophy: न्यूजीलैंड से 25 साल पुराना बदला किया चुकता और उस ही अंदाज में

मोटेरा के जख्मों पर दुबई में मरहम लगाकर राहुल ने बदली अपनी और टीम की तकदीर