Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Ind vs SL 3rd ODI : वन डे इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत, श्रीलंका को 317 रनों से हराया

हमें फॉलो करें Ind vs SL 3rd ODI  : वन डे इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत, श्रीलंका को 317 रनों से हराया
, रविवार, 15 जनवरी 2023 (20:05 IST)
तिरुवनंतपुरम। तिरुवनंतपुरम। भारत ने वन-डे इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। भारत ने श्रीलंका को 317 रनों से हरा दिया। यह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। तीसरे एकदिवसीय मैच में रविवार को श्रीलंका के सामने 391 रन का विशाल लक्ष्य रखा। श्रीलंका की पूरी टीम 73 रनों पर ऑलआउट हो गई। भारत ने सीरीज में श्रीलंका को 3-0 से क्लीन स्वीप किया है। 
 
रन मशीन विराट कोहली (166 नाबाद) और प्रतिभाशाली बल्लेबाज शुभमन गिल (116) के शानदार शतकों के बाद मोहम्मद सिराज (4 विकेट) की नायाब गेंदबाजी की बदौलत भारत ने श्रीलंका को तीसरे एकदिवसीय मैच में रविवार को 318 रन से रौंदकर सीरीज 3-0 से जीत ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 390 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में श्रीलंका मात्र 73 रन पर ढह गई।
 
कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेट में 46वीं बार 100 रन का आंकड़ा पार करते हुए सिर्फ 110 गेंदों पर 13 चौकों और 8 छक्कों के साथ 166 रन बनाए जबकि अपना दूसरा शतक बनाने वाले गिल ने 97 गेंदों पर 14 चौकों और 2 छक्कों के साथ 116 रन की पारी खेली।
 
कोहली के विराट शतक ने भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद सिराज ने अपनी घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। सिराज ने 10 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट तो लिए ही साथ ही उन्होंने चमिका करुणारत्ने को रनआउट भी किया। इसके अलावा मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए। यह एकदिवसीय क्रिकेट के इतिहास में जीत का सबसे बड़ा अंतर है। साथ ही यह खेल के इस प्रारूप में श्रीलंका का चौथा सबसे छोटा स्कोर भी है।
 
भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और संयम के साथ शुरुआत करते हुए 3 ओवरों में सिर्फ 9 रन जोड़े। गिल ने चौथे ओवर में दो चौके लगाकर हाथ खोले, जबकि अगले ओवर में उन्होंने कवर क्षेत्र में लगातार चार चौके जड़े। रोहित ने भी 10वें ओवर में पारी की रफ्तार बदलते हुए कसुन रजिता को 2 छक्के और एक चौका लगाया जबकि भारत ने पहले पावरप्ले में 75 रन जोड़े।
 
श्रीलंकाई स्पिनरों ने पहला पावरप्ले समाप्त होने के बाद रनगति पर कुछ हद तक लगाम कसी। रोहित ने 16वें ओवर में तेज गेंदबाजी के लौटते ही प्रहार करना चाहा मगर पहली गेंद को चौके के लिए भेजने के बाद वे दूसरी गेंद पर कैचआउट हो गए। रोहित ने 49 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्के लगाकर 42 रन बनाते हुए गिल के साथ 95 रन की साझेदारी की।
 
गिल ने इसके बाद भी पारी की लय नहीं रुकने दी, जबकि कोहली ने आते ही 3 चौके जड़कर उनका साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मध्य ओवरों में स्पिनरों का सामना करते हुए 131 रन की शतकीय साझेदारी की। गिल ने 52 गेंदों पर अर्द्धशतक पूरा करने के बाद पारी की रफ्तार बदली और सिर्फ 89 गेंदों पर सैकड़ा जमाया। अपना दूसरा शतक पूरा करने के बाद गिल ने 4 गेंदों पर तीन चौके लगाए। हालांकि वे 116 रन पर आउट होकर पवेलियन लौट गए।
 
कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़ते हुए अपना 46वां एकदिवसीय शतक पूरा किया। यह पिछले चार एकदिवसीय मैचों में कोहली का तीसरा शतक है और अब वे खेल के इस प्रारूप में सर्वाधिक शतक जड़ने वाले सचिन तेंदुलकर (49) से सिर्फ 3 शतक पीछे हैं। कोहली (12754) शतक पूरा करने के साथ-साथ एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में महेला जयवर्धने (12650) को पीछे छोड़कर 5वें स्थान पर आ गए।
 
पारी के 42वें ओवर में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना पेश आई जब जेफरी वांडरसे और आशेन बंडारा के बीच टक्कर हुई और दोनों को स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा।
 
दूसरी ओर अय्यर 32 गेंदों पर 38 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए जबकि केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव भी बड़ा योगदान नहीं दे सके। कोहली ने हालांकि रन विस्फोट जारी रखा। उन्होंने 85 गेंदों पर अपना शतक पूरा करने के बाद अगली 25 गेंदों पर 66 रन बनाए जिसकी बदौलत भारत ने आखिरी 5 ओवरों में 58 रन जोड़ते हुए 50 ओवर में 390/5 का स्कोर खड़ा किया।
 
श्रीलंका के लिए रजिता और कुमारा ने 2-2 विकेट लिए। हालांकि दोनों ने अपने 10 ओवरों में क्रमशः 81 और 87 रन लुटाए। वानिंदू हसरंगा 10 ओवर में 54 रन देकर श्रीलंका के सबसे किफायती गेंदबाज रहे, हालांकि उन्हें कोई विकेट हासिल नहीं हुआ।
 
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका के पास भारतीय गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं था। सिराज ने पारी के दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज अविश्का फर्नांडो को स्लिप में कैच आउट करवाया। दो ओवर बाद सिराज की एक दर्शनीय गेंद कुसल मेंडिस के बल्ले को छूती हुई विकेटकीपर राहुल के हाथों में जा पहुंची।
 
नुवानिदू फर्नांडो ने 27 गेंदों पर 4 चौकों लगाकर कुछ संघर्ष किया लेकिन सिराज ने उन्हें 19 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। वानिंदू हसरंगा को बोल्ड करने के बाद सिराज की करुणारत्ने से कुछ बात हुई और अगली ही गेंद पर उन्होंने श्रीलंकाई बल्लेबाज को रनआउट कर दिया।
 
इस समय तक सिराज 7 ओवर फेंक चुके थे। शमी की गेंद पर डुनिथ वेलालगे के आउट होने के बाद लाहिरू कुमारा श्रीलंका के आखिरी बल्लेबाज के रूप में उतरे। सिराज ने अपने अंतिम तीन ओवरों में कसुन रजिता के साथ छोटा सा द्वंद किया, हालांकि वह अपना पांचवां विकेट नहीं ले सके।
 
आखिरकार कुलदीप यादव ने कुमारा को बोल्ड किया और रिटायर्ड हर्ट बल्लेबाज अशेन बंडारा के मैदान पर न उतरने के कारण श्रीलंकाई पारी 73/9 पर समाप्त हुई।
 
भारत ने इस जीत के साथ तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप कर ली। रोहित शर्मा की टीम अब 18 जनवरी से तीन एकदिवसीय मैचों में न्यूजीलैंड का सामना करेगी।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Ind vs SL 3rd ODI Score : कोहली की विराट पारी के दम पर भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 391 रन का लक्ष्य रखा