Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

रहाणे और रोहित के साथ क्रिकेट सीखा और भारत के खिलाफ खेला यह भारतीय

हमें फॉलो करें रहाणे और रोहित के साथ क्रिकेट सीखा और भारत के खिलाफ खेला यह भारतीय

शराफत खान

क्रिकेट की दुनिया भी अजब-गजब है। कैसे-कैसे रिकॉर्ड बनते हैं और टूट भी जाते हैं। और कभी-कभी ऐसे समीकरण बन जाते हैं कि जो अपने आप में उलझे हुए रहते हैं। जैसे एक भारतीय क्रिकेटर है, जो मुंबई में अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा के साथ खेला, लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उतरा तो भारतीय टीम सामने थी और सामने था रोहित शर्मा के रूप में पुराना साथी।
 
बहुत से खिलाड़ी इस खेल में अपनी प्रतिभा दिखाते हैं, लेकिन सभी को उच्चतम स्तर तक खेलने का मौका मिले, यह आवश्यक नहीं। रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे के साथ मुंबई की अंडर-19 टीम में एक खिलाड़ी था स्वप्निल पाटिल। स्वप्निल का नाम मुंबई रणजी टीम के संभावितों की लिस्ट में भी था, लेकिन उसे चुना नहीं गया। लगातार निराशा हाथ लगने के कारण वह अपने सिलेक्शन की उम्मीद छोड़ चुका था, लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ कि वह विदेश जाकर दूसरे देश की राष्ट्रीय टीम में चुन लिया गया और फिर वह दिन भी आया, जब वह भारत के खिलाफ खेला। 

इस समय भारतीय टीम में उसके पुराने साथी रोहित शर्मा और रहाणे भी थे।
 
मुंबई के स्वप्निल पाटिल मुंबई के लिए अंडर-14 और 2005 में अंडर-19 टीम के लिए खेले हैं। जब उन्हें यहां मौका नहीं मिला तो वे यूएई चले गए, जहां 4 साल तक कड़ी मेहनत की और वहां की राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। स्वप्निल विकेटकीपर बल्लेबाज़ हैं और उन्होंने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ नाबाद 99 रनों की पारी खेली थी।
 
जब स्वप्निल को मुंबई की रणजी टीम में नहीं चुना गया तो उसी समय उन्हें पता चला कि दुबई के योगी ग्रुप को घरेलू क्रिकेट के लिए एक विकेटकीपर बल्लेबाज की जरूरत है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के माध्यम से इस ग्रुप के पास कुछ खिलाड़ियों के वीडियो फुटेज भेजे गए जिसमें स्वप्निल को चुन लिया गया। यहां जाकर स्वप्निल ने जमकर मेहनत की और अपनी प्रतिभा साबित की।
 
स्वप्निल भारतीय टीम के खिलाफ खेल चुके हैं और इस मैच में रहाणे और रोहित जैसे उनके पुराने साथी भी शामिल थे। 'वर्ल्ड कप 2015' में 28 फरवरी 2015 को पर्थ में भारत और यूएई के मैच के दौरान स्वप्निल खेले जिसमें उन्होंने केवल 7 रन बनाए। रोहित ने इस मैच में नाबाद अर्द्धशतक लगाया था इसलिए विकेटकीपर की हैसियत से स्वप्निल ने अपने पुराने साथी की यह पारी बहुत करीब से देखी थी।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मोहम्मद शमी की मुसीबतें बढ़ीं, पत्‍नी ने कराई पुलिस में शिकायत