Publish Date: Sat, 20 Apr 2019 (17:19 IST)
Updated Date: Sat, 20 Apr 2019 (17:46 IST)
कोलकाता। कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार को ईडन गार्डंस में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइटराइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के मुकाबले के दौरान सट्टेबाजी करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया।
सातों आरोपी महाराष्ट्र तथा मध्यप्रदेश के निवासी हैं। पुलिस ने उन्हें उस समय दबोचा, जब वे मुकाबले पर सट्टेबाजी करने में व्यस्त थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 14 मोबाइल फोन तथा सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं।
इस मैच बेंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेटों पर 213 बनाए थे जिसमें विराट कोहली का शानदार शतक शामिल था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 203 रन ही बना सकी। मुकाबले को बेंगलोर ने 10 रनों से जीत लिया था। (वार्ता)