Publish Date: Tue, 21 Nov 2017 (00:41 IST)
Updated Date: Tue, 21 Nov 2017 (00:45 IST)
कोलकाता। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक बनाने वाले क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने के सबसे प्रबल दावेदार भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 50 शतक पूरे कर लिए।
विराट ने श्रीलंका के खिलाफ यहां ईडन गार्डन में पहले क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन सोमवार को नाबाद 104 रन की बेहतरीन पारी खेली और इसके साथ ही उनके 50 अंतरराष्ट्रीय शतक भी पूरे हो गए। विराट का 61 टेस्टों में यह 18वां शतक था जबकि वह 202 वनडे में 32 शतक जड़ चुके हैं।
भारतीय 'रन मशीन' विराट ने 50 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरे करने के लिए 348 पारियां खेली हैं। दक्षिण अफ्रीका के ओपनर हाशिम अमला के नाम भी 50 अंतरराष्ट्रीय शतकों के लिए 348 पारियां दर्ज है। विराट अपने 18वें शतक के साथ सर्वाधिक शतक बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अब 49वें नंबर पर आ गए हैं।
विराट ने इसके साथ ही एक मैच में शून्य और शतक बनाने का कारनामा भी कर दिखाया है। ऐसा करने वाले वह 19वें भारतीय बल्लेबाज़ बने हैं। वह पहली पारी में शून्य और दूसरी पारी में शतक बनाने वाले आठवें भारतीय बल्लेबाज भी बने हैं। (वार्ता)