Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

शिवराज संभालेंगे साध्वी प्रज्ञा के चुनाव की कमान, विवादों से बचाएगा चक्रव्यूह

हमें फॉलो करें शिवराज संभालेंगे साध्वी प्रज्ञा के चुनाव की कमान, विवादों से बचाएगा चक्रव्यूह

विकास सिंह

, सोमवार, 22 अप्रैल 2019 (14:10 IST)
भोपाल। सम्मान की लड़ाई में बदल चुके भोपाल लोकसभा सीट के चुनाव में अब भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के चुनाव अभियान की कमान संभाल ली है।
 
लगातार दूसरे दिन साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के चुनाव की रणनीति बनाने और नामांकन की तैयारियों को लेकर शिवराज प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उनकी पार्टी के नेताओं के साथ बैठक हुई। बैठक में पार्टी के नेताओं को चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। 
 
बैठक में विधानसभा वार पार्टी के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपकर चुनाव प्रचार अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही भाजपा मंगलवार को साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के नामांकन में शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस की तरफ से मैदान में दिग्विजय सिंह के होने के चलते अब भोपाल लोकसभा सीट दोनों ही दलों के लिए सम्मान का सवाल बन गया है।
webdunia

विवादों से बचाने के लिए चार का चक्रव्यूह : अपने बयानों के जरिए भाजपा की मुश्किलें बढ़ाने वाली साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के लिए अब भाजपा ने खास रणनीति बनाई है। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के चुनाव संचालन के लिए पार्टी ने अपने चार अहम नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। 
 
पार्टी ने साध्वी प्रज्ञा के चुनाव प्रचार की रणनीति बनाने और उनका संचालन करने की जिम्मेदारी वर्तमान सांसद आलोक संजर को सौंपी है। आलोक संजर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के पूरे जनसंपर्क की रणनीति बनाएंगे और पूरे प्रचार अभियान में उनके साथ रहेंगे।
 
पार्टी ने पूर्व संवाद प्रमुख हितेश वाजपेयी को साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के मीडिया मैनेजमेंट की जिम्मेदारी सौंपी है। हितेष वाजपेयी पूरे चुनाव के दौरान साध्वी प्रज्ञा की मीडिया प्रबंधन की कमान संभालने के साथ ही राजनीति में कम अनुभवी साध्वी प्रज्ञा को मीडिया हैंडलिंग के भी टिप्स देंगे।
 
इसके साथ ही आरएसएस के प्रचारक रहे राघवेंद्र शर्मा संघ के प्रतिनिधि के तौर और पार्टी की महिला प्रतिनिधि के तौर युवा नेत्री भक्ति शर्मा हर वक्त साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के साथ रहकर उनके पूरे चुनाव अभियान को संभालेंगी। अब देखना होगा कि नेताओं का यह चक्रव्यूह साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को विवादों से कितना दूर रख पाएगा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मायावती के निशाने पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, बोलीं नामांकन रद्द क्यों नहीं कर रहा आयोग