पाकिस्तानी नेता भी कहते हैं कि काश मोदी उनके देश के नेता होते
चुनावी सभा में मध्यप्रदेश CM मोहन यादव का बड़ा बयान
Publish Date: Sat, 20 Apr 2024 (11:58 IST)
Updated Date: Sat, 20 Apr 2024 (12:08 IST)
Mohan Yadav on PM Modi : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा है कि पाकिस्तान के नेता भी कहते हैं कि काश उनके देश में भी मोदी जैसा कोई नेता होता।
उन्होंने मध्य प्रदेश के होशंगाबाद लोकसभा क्षेत्र में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के लोग भी भारत का हिस्सा बनना चाहते हैं क्योंकि पड़ोसी देश में अस्तित्व का संकट है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ समेत पाकिस्तान के नेता लगातार कह रहे हैं कि काश नरेन्द्र मोदी वहां (पाकिस्तान में) होते। अगर आप नेता हैं तो ऐसे नेता बनें कि आपका दुश्मन भी आपकी तारीफ करे। यह नेता (मोदी) हमें गौरवान्वित कर रहा है।
मोहन यादव ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी के माथे पर देश को भारत और पाकिस्तान में बांटने का कलंक है। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के समय कोई भाजपा या जनसंघ नहीं था। कांग्रेस द्वारा बोए गए बीज के कारण देश का विभाजन हुआ। आधा पंजाब वहां (पाकिस्तान में) चला गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के समय लोगों में डर पैदा किया। जब अनुच्छेद 370 को हटाया जा रहा था, तब कांग्रेस ने कहा था कि अगर ऐसा हुआ तो देश में खून की नदियां बहेंगी। खून की नदियां तभी बहेंगी, जब रगों में खून होगा। आपकी (कांग्रेस) रगों में पानी है। अनुच्छेद 370 का कलंक मिटाने पर देश जश्न मना रहा है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर के लोग इतने खुश हैं कि पीओके के लोग भी भारत में शामिल होना चाहते हैं क्योंकि पाकिस्तान में गुजारा करना मुश्किल है। होशंगाबाद लोकसभा सीट पर चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें