Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

झारखंड में मतदाताओं को प्रेरित कर रहा महिला हॉकी थीम वाला मतदान केंद्र

झारखंड में हॉकी और तीरंदाजी आदिवासी युवाओं की पहली पसंद

हमें फॉलो करें झारखंड में मतदाताओं को प्रेरित कर रहा महिला हॉकी थीम वाला मतदान केंद्र

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, शनिवार, 25 मई 2024 (18:02 IST)
hockey themed polling station : झारखंड (Jharkhand) की राजधानी में रांची (Ranchi) में 33 वर्षीया मतदाता श्वेता स्वांसी को शनिवार को उस वक्त अतीत की यादें ताजा हो गईं, जब वे रांची लोकसभा (Lok Sabha) सीट के लिए हो रहे चुनाव में 'झारखंड महिला हॉकी' की थीम पर सजाए गए एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचीं।
 
बरियातू में 'सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस' के 6 बूथ वाले एक मतदान केंद्र को राज्य की हॉकी खिलाड़ियों के बैनर और पोस्टर से सजाया गया था जिनमें ओलंपियन और भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, ओलंपियन निक्की प्रधान और संगीता कुमारी जैसी प्रतिष्ठित खिलाड़ी शामिल हैं।

 
स्वांसी ने बताया मेरी पुरानी यादें ताजा हो गईं : स्वांसी ने बताया कि मुझे थीम पसंद आई और इससे मेरी पुरानी यादें ताजा हो गईं। थीम ने मेरे बचपन की उन यादों को ताजा कर दिया जब मैं हॉकी खेला करती थी। मुझे यकीन है कि देश को गौरवान्वित कर रही झारखंड की महिला हॉकी खिलाड़ियों की तरह मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके लोकतंत्र को मजबूत बनाएंगे।
 
झारखंड में हॉकी और तीरंदाजी आदिवासी युवाओं की पहली पसंद : झारखंड में हॉकी और तीरंदाजी आदिवासी युवाओं की पहली पसंद रही है। यह राज्य भले ही खदानों और खनिजों के लिए जाना जाता हो, लेकिन इसने कई ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी पैदा किए हैं।
 
बूथ संख्या 379 के पीठासीन अधिकारी अनमोल अंकुर ने कहा कि मतदान केंद्र की थीम का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान केंद्रों की ओर से आकर्षित करना और मतदान के लिए प्रेरित करना है। इसके अलावा यह महिला हॉकी को लोकप्रिय बनाने का भी एक प्रयास है। इस मतदान केंद्र पर 7,000 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं।

 
महिला हॉकी को लोकप्रिय बनाने के लिए अनूठी थीम तैयार की गई : उन्होंने कहा कि इस थीम ने मतदाताओं, खासकर युवतियों का ध्यान आकृष्ट किया है। प्रीति कुमारी (23) ने कहा कि हमारे झारखंड के खिलाड़ियों के बैनर और पोस्टर हमारे अंदर देश के लिए कुछ करने की नई ऊर्जा पैदा कर रहे हैं। रांची प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को प्रेरित करने और महिला हॉकी को लोकप्रिय बनाने के लिए उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा के निर्देश पर अनूठी थीम तैयार की गई।
 
रांची निर्वाचन क्षेत्र से 27 उम्मीदवार मैदान में : रांची लोकसभा सीट पर 2019 में 64.49 प्रतिशत, 2014 में 63.68 प्रतिशत, 2009 में 44.56 प्रतिशत और 2004 में 55.69 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि सुमन कुमारी (30) परेशान दिखीं, क्योंकि उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम नहीं मिला। रांची लोकसभा सीट पर कुल 21.88 लाख मतदाता हैं जिनमें 10.80 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र से 27 उम्मीदवार मैदान में हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Lok Sabha Elections 2024 : आपकी शर्म कहां है मोदीजी, गोरखपुर में PM पर बिफरीं प्रियंका गांधी