Publish Date: Sat, 30 Apr 2022 (15:56 IST)
Updated Date: Sat, 30 Apr 2022 (15:58 IST)
गुना (मध्यप्रदेश)। गुना जिले चांचौड़ा में आईआरएस प्रद्युम्न सिंह मीना के घर अज्ञात लोगों ने शुक्रवार रात हमला कर दिया। हमलावरों की संख्या दर्जनभर से ज्यादा बताई जा रही है। साथ ही भाजपा विधायक पर इस मामले में आरोप लगा है।
जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने मीना के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और उनका सामान इधर-उधर बिखेर दिया। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि मीना हमारे क्षेत्र के पहले यूपीएससी द्वारा चयनित अधिकारी हैं। हमें उन पर गर्व है। कल रात उनके निवास पैंची थाना चांचौड़ा जिला गुना पर जानलेवा हमला हुआ। यह कानून व्यवस्था के लिए शर्म की बात है।
दिग्विजय ने लिखा कि मैंने एसपी साहब से इसकी जांच करने के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की है। प्रद्युम्न मीना ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 10-15 लोगों ने उनके घर पर हमला किया। उस समय वे और उनकी पत्नी घर पर ही थे। दोनों ने घर के अंदर छिपकर किसी तरह जान बचाई। प्रद्युम्न ने इस हमले के पीछे भाजपा की पूर्व विधायक और उनके पति पर आरोप लगाया है।