Publish Date: Wed, 06 Apr 2022 (19:33 IST)
Updated Date: Wed, 06 Apr 2022 (19:37 IST)
मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग छात्र ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। बेटे को डर था कि परीक्षा में फेल होने पर पिता उसके साथ मारपीट करेंगे। इस पिटाई से बचने के लिए उसने अपने ही पिता की हत्या की साजिश रच डाली।
खबरों के अनुसार, यह घटना गुना के जामनेर इलाके में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात में हुई। बाद में पुलिस की जांच में चौंकाना वाला खुलासा हुआ कि 10वीं क्लास के इस छात्र को डर था कि परीक्षा में फेल होने पर पिता उसकी पिटाई करेंगे। यही कारण रहा कि उसने कुल्हाड़ी से वार कर पिता को मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक के घरवालों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस को मृतक के नाबालिग बेटे पर शक हुआ तो उसे हिरासत में ले लिया। बाद में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने पिता की हत्या की बात स्वीकार कर ली।