Publish Date: Sun, 09 Apr 2023 (16:44 IST)
Updated Date: Sun, 09 Apr 2023 (20:23 IST)
इंदौर। समीप तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर में रविवार को बड़ी दुर्घटना होते-होते बच गई। बांध की देखरेख करने वाली एचएचडीसी कंपनी ने प्रातः 11 बजे ओंकारेश्वर बांध से पानी छोड़ दिया। इससे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। उस समय नदी में स्नान कर रहे 20 से ज्यादा लोग मंझधार में फंस गए।
उन्होंने नदी की चट्टानें पकड़कर अपनी जान बचाई। नाविकों ने इन लोगों को बचाया। रस्सियों की सहायता से उन्हें नाव में बिठाकर किनारे पर लाया गया। रविवार को छुट्टी होने से श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी।
खबरों के अनुसार नागर घाट पर 20 लोग नदी में फंसे थे। 10 मिनट के अंदर 8 नावों में फंसे व्यक्तियों को बाहर निकाला गया। इस प्रकार उनकी जान बच सकी। हालांकि बड़ी बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
SDM चंदरसिंह सोलंकी के अनुसार ओंकारेश्वर विद्युत परियोजना के चार टर्बाइन चल रहे थे। इन्हीं टर्बाइन से नर्मदा में एक-एक घंटे के अंतराल से पहली बार सुबह 9 बजे पानी छोड़ा गया था।
बांध प्रशासन ने टर्बाइन से पानी छोड़ने के साथ सायरन भी बजाए, लेकिन बाहरी श्रद्धालु को इसकी जानकारी नहीं थी। 20 से ज्यादा श्रद्धालुओं को रेस्क्यू किया गया है। हालांकि नाविकों ने 40 से ज्यादा श्रद्धालुओं के रेस्क्यू का दावा किया है। Edited By : Sudhir Sharma