भोपाल। मध्यप्रदेश में भले ही अभी विधानसभा चुनाव में लंबा वक्त शेष बचा हो लेकिन मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा पूरे एक्शन में नजर आ रहे है। भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शनिवार रात एक बजे शिवपुरी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।  
	 
 
 			
 
 			
					
			        							
								
																	
	दरअसल मिशन 2023 को लेकर भाजपा  संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश भरने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा इन दिनों लगातार जिलों का दौरा कर रहा है। इस क्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा शनिवार देर रात शिवपुरी पहुंचे और रात 1 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। 
	
	बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा में ही संभव है कि रात 1 बजे भी कार्यकर्ता बैठे हुए है। मध्यप्रदेश भाजपा का आदर्श संग़ठन है इसलिए इतनी रात को अनुशासन और कर्मठता के साथ बैठक मे मौजूद है। बैठक में प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश धाकड़, विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, मंत्री दर्जा प्राप्त जशवंत जाटव, नरेंद्र बिरथरे, प्रह्लाद भारती समेत जिले के नेता मौजूद रहे। 
	
	मिशन-2023 को लेकर संगठन को पूरी तरह सक्रिय कर कार्यकर्ताओं को बूथ पर सक्रिय करने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष इन दिनों जिलों के लगातार दौरे कर रहे है। गौरतलब है कि भाजपा ने 2023 विधानसभा चुनाव में 51 फीसदी वोट प्रतिशत हासिल करने का लक्ष्य रखा है जिसको लेकर भाजपा अध्यक्ष लगातार रणनीति बनाकर उसे अमलीजामा पहना रहे है। मध्यप्रदेश में भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ सशक्तिकरण अभियान के साथ बूथों के डिजिटाइलाजेशन के लिए जो काम किया गया है उसकी पार्टी संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हो चुकी है।