Publish Date: Fri, 06 Mar 2020 (13:01 IST)
Updated Date: Fri, 06 Mar 2020 (16:57 IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश में विधायकों के पाला बदलने की अटकलों के बीच भाजपा विधायक संजय पाठक ने अपनी हत्या की आंशका जताई है। संजय पाठक ने एक वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए मेरी हत्या करवाई जा सकती है। संजय पाठक ने मीडिया में चल रही उन खबरों का भी सिरे से खंडन किया है जिसमें उनके मुख्यमंत्री निवास जाकर मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलने की बात कही जा रही है।
भाजपा विधायक संजय पाठक ने कहा कि उनके बारे में मीडिया में भ्रामक खबरें चलाई जा रही है कि उन्होंने किसी बड़े नेता से मुलाकात की है। संजय पाठक ने अपने वीडियो में कहा कि कल रात से एक वीडियो क्लिपिंग दिखाई जा रही है जिसमें उनको बताया जा रहा है लेकिन वह उसमें नहीं है। संजय पाठक ने किसी भी बड़े नेता से मिलने की खबरों को भी पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि अगर किसी के मन में संजय पाठक को लेकर कोई भ्रम है तो उसको अपने दिमाग से निकाल दें।
संजय पाठक ने कहा कि वह पूरी तरह भाजपा के साथ है और आगे भी भाजपा में ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके साथ जो कुछ हो रहा है वह पूरे प्रदेश की जनता देख रही है। संजय पाठक ने अपने वीडियो में बार-बार यह दोहराया कि वह भाजपा के साथ थे और आगे भी पूरी तरह भाजपा में रहेंगे।