Publish Date: Mon, 18 Oct 2021 (08:27 IST)
Updated Date: Mon, 18 Oct 2021 (08:32 IST)
भोपाल। एक लड़की का बुर्का जबरन उतरवाने का मामला भोपाल शहर में सामने आया है। ईंटखेड़ी क्षेत्र (भोपाल) में एक युवक और युवती बीच सड़क पर खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी इस दौरान वहां कुछ मुस्लिम संगठन के लोग पहुंच गए और लड़की पर बुर्का उतारने के लिए दबाव बनाने लगे। संगठन का आरोप था कि युवती गैरमुस्लिम होकर बुर्का पहन रही है और कौम को बदनाम कर रही है।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद बवाल मच गया। इस मामले में लड़का और लड़की ने तो पुलिस में शिकायत नहीं की लेकिन वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में खुद संज्ञान लेकर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वीडियो ईंटखेड़ी क्षेत्र का है।
लड़का-लड़की दोनों उनके सामने गिड़गिड़ाते रहे, बावजूद इसके लोगों ने उन्हें नहीं छोड़ा। मजबूरी में लड़के के कहने पर लड़की ने बुर्का उतारकर लोगों को दे दिया। युवती से बुर्का उतरवाने के बाद आरोपी नकाब भी उतरवाने का दबाव बना रहे थे।