Publish Date: Sun, 04 Aug 2024 (12:02 IST)
Updated Date: Sun, 04 Aug 2024 (13:05 IST)
बताया जा रहा है कि यह हादसा शाहपुर में हरदौल मंदिर परिसर में उस समय हुआ जब लोग मंदिर में पार्थिव शिवलिंग बना रहे थे। अचानक मंदिर के पास में स्थित एक घर की पुरानी जर्जर दीवार गिर गई और बच्चे उसकी चपेट में आ गए।
हादसे वाली जगह आला अधिकारी पहुंच गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को शाहपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि सागर में इन दिनों भारी वर्षा हो रही है। 24 घंटे के अंदर ही यहां 104 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि आज सागर जिले के शाहपुर में हुई अतिवृष्टि के कारण जर्जर मकान की दीवार गिरने से 9 मासूम बच्चों के काल कवलित होने की खबर सुनकर मन व्यथित है। घायल बच्चों के उचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया है।
उन्होंने कहा कि भगवान से करबद्ध प्रार्थना है कि दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें। हादसे में घायल अन्य बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। जिन परिवारों ने मासूम बच्चों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मृतक बच्चों के परिजनों को शासन की तरफ से 4 -4 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।
इससे पहले शनिवार को रीवा जिले के गढ़ कस्बे में एक जर्जर मकान की दीवार गिरने से स्कूल से घर लौट रहे 4 बच्चों की मौत हो गई थी। मलबे में दबने से 2 बच्चों की हालत गंभीर है। पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक 2 भाइयों पर मामला दर्ज किया है।
Edited by : Nrapendra Gupta