Publish Date: Wed, 20 Nov 2024 (11:47 IST)
Updated Date: Wed, 20 Nov 2024 (11:52 IST)
Maharashtra elections : भाजपा के महासचिव विनोद तावडे ने बुधवार को मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पैसे बांटने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह नियमों से अच्छी तरह वाकिफ हैं और मूर्ख नहीं हैं कि राजनीतिक विरोधियों के होटल में इस तरह की गतिविधि में शामिल होंगे।
बीवीए नेताओं के 5 करोड़ रुपए नकद बांटे जाने के दावों के बीच, एक चुनाव अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि होटल के कमरों से 9.93 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। भाजपा नेता ने आरोप से इनकार करते हुए कहा कि वह केवल पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रक्रियाओं पर मार्गदर्शन दे रहे थे।
तावडे ने कहा कि विवांता होटल ठाकुरों का है। मैं मूर्ख नहीं हूं कि उनके होटल में जाऊं और वहां पैसे बांटूं। भाजपा नेता ने कहा कि वे 40 वर्षों से राजनीति में हैं और नियम-कायदों, खासकर चुनाव से पहले की मौन अवधि से वाकिफ हैं। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से अनौपचारिक बातचीत कर रहा था। मैं प्रचार नहीं कर रहा था।
तावडे ने इस बात पर आश्चर्य जताया कि राष्ट्रीय नेता इस मुद्दे में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सुप्रिया सुले ने जो 5 करोड़ रुपए देखे हैं, कृपया उन्हें मुझे भेज दें। वे इसे मेरे बैंक खाते में जमा करा सकते हैं।
पुलिस ने पालघर के होटल में मतदाताओं को कथित तौर पर नकदी बांटने के मामले में तावडे, भाजपा उम्मीदवार राजन नाइक और अन्य के खिलाफ मंगलवार को 2 प्राथमिकी दर्ज की। भाजपा और बहुजन विकास आघाडी के पदाधिकारियों के खिलाफ कथित तौर पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करने की कोशिश के लिए एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई। विधानसभा चुनाव के लिए लागू चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन के लिए पालघर जिले के तुलिंज पुलिस थाने में 3 मामले दर्ज किए गए।
Edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें